
Jamshedpur : जमशेदपुर के बर्मामाइंस थाना क्षेत्र में रविवार की रात हुए आफताब आलम हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिलने की सूचना है। सूत्रों के मुताबिक, इस मामले में फरार चल रहे आरोपी शाहनवाज उर्फ भोंदु को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि आरोपी कोर्ट में आत्मसमर्पण करने की तैयारी में था, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उसे दबोच लिया।
बताते हैं कि बुधवार को शाहनवाज उर्फ भोंदु जमशेदपुर सिविल कोर्ट पहुंचा था। उसकी मौजूदगी की सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हो गई और कोर्ट परिसर के बाहर से उसे हिरासत में ले लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को बर्मामाइंस थाना लाया गया, जहां उससे गहन पूछताछ की जा रही है।
सूत्रों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में शाहनवाज उर्फ भोंदु पर रेलवे कंटेनर यार्ड के पास हुई फायरिंग के दौरान आफताब आलम को गोली मारने का आरोप है। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल आफताब आलम की बाद में इलाज के दौरान मौत हो गई थी, जिसके बाद मामले को हत्या में परिवर्तित कर दिया गया।
पुलिस अब आरोपी से पूछताछ के आधार पर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि वारदात की साजिश में और कौन-कौन लोग शामिल थे तथा उनकी क्या भूमिका रही।
हालांकि, शाहनवाज उर्फ भोंदु की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

