
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिला प्रशासन ने अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन पर लगाम कसने के लिए अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में जिला टास्क फोर्स ने बुधवार सुबह गोईलकेरा थाना क्षेत्र के पावर ग्रिड स्टेशन के पास विशेष जांच अभियान चलाया।
अभियान के तहत नियमों की अनदेखी किए जाने पर ट्रैक्टरों को किया गया जब्त
टास्क फोर्स की टीम ने जांच के दौरान बालू लदे दो ट्रैक्टर ट्राली को रोका। टीम ने चालकों से खनिज परिवहन से जुड़े वैध माइनिंग ट्रांजिट चालान मांगे, लेकिन न तो चालक कोई कागजात दिखा सके और न ही बालू के वैध परिवहन के संबंध में कोई ठोस जवाब दे पाए। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर दोनों ट्रैक्टरों को बालू सहित जब्त कर लिया गया। इसके बाद आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए दोनों वाहनों को गोईलकेरा थाना के हवाले कर दिया गया। मामले में संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है।
जिला खनन पदाधिकारी ने दी चेतावनी
जिला खनन पदाधिकारी ने कहा कि जिले में अवैध बालू खनन, उसके परिवहन और भंडारण के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार चलाया जाएगा। उन्होंने साफ किया कि जो भी लोग अवैध गतिविधियों में शामिल पाए जाएंगे, उनके खिलाफ नियमों के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन किसी भी हाल में अवैध खनन को बर्दाश्त नहीं करेगा।
लगातार चल रहा सघन अभियान
जिला प्रशासन ने बताया कि अवैध खन और खनिजों की तस्करी रोकने के लिए जिला टास्क फोर्स द्वारा जिले के विभिन्न क्षेत्रों में नियमित जांच और छापेमारी की जा रही है। इसका उद्देश्य जिले में प्राकृतिक संसाधनों की अवैध लूट को रोकना और राजस्व की क्षति को बचाना है।प्रशासन ने आम लोगों से भी अपील की है कि वे अवैध खन या परिवहन की जानकारी मिलने पर तुरंत जिला प्रशासन या नजदीकी थाना को सूचित करें।

