
Jamshedpur Highway News : Jamshedpur : पूर्वी सिंहभूम में नेशनल हाईवे पर आए दिन हो रहे सड़क हादसों की रोकथाम की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। जिला प्रशासन के निर्देश पर नेशनल हाइवेज अथारिटी ऑफ इंडिया नेशनल हाईवे 33 पर स्पीड कैमरे लगाने जा रहा है। यह स्पीड कैमरे जमशेदपुर में पारडीह काली मंदिर से बहरागोड़ा के बीच लगाए जाएंगे। स्पीड कैमरों को सड़क के बीचोबीच में इस तरह लगाया जाएगा कि पूरी सड़क से गुजर रहे वाहन की स्पीड कैमरे की पकड़ में आ जाए। पारडीह काली मंदिर से बहरागोड़ा के बीच तकरीबन 20 स्थल ऐसे चिन्हित किए गए हैं जहां यह कैमरे इंस्टाल किए जाएंगे। एक स्थल पर आने-जाने वाली दोनों तरफ की लेन पर स्पीड कैमरे होंगे।
यह स्पीड कैमरे तेज रफ्तार वाहन को ट्रेस करने के बाद उसकी स्पीड माप लेंगे। अगर वाहन की स्पीड तय गति से तेज है तो कैमरे में उस वाहन की नंबर प्लेट की तस्वीर कैद हो जाएगी। पूर्वी सिंहभूम में इन दिनों हादसों की संख्या बढ़ रही है। अधिकतर हादसे नेशनल हाईवे पर हो रहे हैं। इन हादसों में हर साल सैकड़ों लोग जान गंवा रहे हैं। इसी के चलते प्रशासन नेशनल हाईवे पर दौड़ रही गाड़ियों की रफ्तार कर ब्रेक लगाना चाहता है। प्रशासन का प्लान है कि नेशनल हाईवे पर किसी भी तरह हादसे रोके जाएं।

इन हादसों को रोकने के लिए जिला प्रशासन की तरफ से एक अध्ययन किया गया। इसमें सामने आया है कि नेशनल हाईवे पर अधिकतर हादसे वाहनों की तेज रफ्तार की वजह से हो रहे हैं। यही कारण है कि प्रशासन सबसे पहले वाहनों की रफ्तार पर लगाम लगाने के प्रयास में है। इसी वजह से नेशनल हाईवे पर स्पीड कैमरा लगाया जा रहा है। एनएचएआई ने नेशनल हाईवे पर स्पीड कैमरे लगाने के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। टेंडर का काम फाइनल होने के बाद से नेशनल हाईवे पर स्पीड कैमरे लगाने का काम शुरू कर दिया जाएगा।
NH 33 Accident : एनएचएआई के इंजीनियरों ने किया सर्वे
बताया जा रहा है कि पारडीह काली मंदिर से बहरागोड़ा तक स्पीड कैमरे लगाने के लिए नेशनल हाईवेज अथारिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई) के इंजीनियरों ने एक सर्वे किया है। इस सर्वे से यह जानने की कोशिश की गई है कि कहां कहां अधिक हादसे होते हैं। ऐसे स्थलों पर स्पीड कैमरे लगाए जाएंगें। बताया जा रहा है कि अब तक 20 स्थल चिन्हित किए गए हैं जहां नेशनल हाईवे 33 पर पारडीह से बहरागोड़ा के बीच यह स्पीड कैमरे लगाए जाएंगे।

NH 33 : मौत का एनएच कहा जाता है नेशनल हाईवे 33
नेशनल हाईवे 33 को मौत का हाईवे कहा जाने लगा है। यहां पांच साल का आंकड़ा देखा जाए तो रांची से बहरागोड़ा तक पांच साल में 1000 से अधिक लोग मौत के मुंह में जा चुके हैं। यही नहीं, 2000 से अधिक लोग घायल हुए हैं। इसी वजह से पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन की पहल पर अब एनएचएआई इस जिले में स्पीड कैमरे लगा रहा है। माना जा रहा है कि पूर्वी सिंहभूम के बाद एनएचएआई हजारीबाग के बरही से बहरागोड़ा तक यह कैमरे स्टॉल कराएगा। इससे हादसे कम होने में मदद मिलेगी।
NHAI Speed Camera : हादसे को अंजाम देकर नहीं भाग सकेंगे वाहन
नेशनल हाईवे पर स्पीड कैमरे लगने के बाद हादसों को अंजाम देकर भाग जाने वाले चालकों पर शिकंजा कसा जा सकेगा। पारडीह से बहरागोड़ा तक कहीं न कहीं यह वाहन पकड़ में आ जाएंगे। हादसे के बाद भाग रहे वाहनों की रफ्तार और उनके अव्यवहारिक बर्ताव से भी उन्हें ट्रेस करना आसान होगा।

