
Jamshedpur : करनडीह स्थित एलबीएसएम कॉलेज में शनिवार को परीक्षा देने पहुंची एक छात्रा जलजमाव के बीच करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गई। छात्रा को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सुंदरनगर थाना क्षेत्र के नानदूप निवासी रायगुनी बोयपाई मेजर पॉलिटिकल साइंस की परीक्षा देने एलबीएसएम कॉलेज पहुंची थीं। छात्रा के अनुसार, परीक्षा प्रवेश के लिए निर्धारित गेट बंद था। दूसरे गेट की ओर जाने के दौरान उन्हें परिसर में जमा पानी से होकर गुजरना पड़ा।
इसी दौरान अचानक करंट लगने से वह जमीन पर गिर गईं। घटना के बाद उन्हें तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया। घटना की जानकारी मिलने पर कॉलेज के प्राचार्य एके झा भी मौके पर पहुंचे।
पहले भी हो चुकी है करंट लगने की घटना
घटना के बाद कॉलेज के छात्र नेताओं और विद्यार्थियों में आक्रोश देखा गया। छात्रों का आरोप है कि कॉलेज परिसर में पहले भी जलजमाव के बीच करंट लगने की घटना सामने आ चुकी है। शिकायतों के बावजूद विद्युत व्यवस्था और जलनिकासी की समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया।
छात्र नेताओं ने कॉलेज प्रशासन से परिसर की विद्युत व्यवस्था की तत्काल जांच कराने और जलजमाव की समस्या दूर करने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समस्या का समाधान नहीं किया गया तो सोमवार से कॉलेज बंद कराने का आंदोलन शुरू किया जाएगा।

