Home » Ghatshila News: सोना देवी विश्वविद्यालय में फ्रेशर्स वीक का शुभारंभ, मोटिवेशनल स्पीकर ने विद्यार्थियों को किया प्रेरित

Ghatshila News: सोना देवी विश्वविद्यालय में फ्रेशर्स वीक का शुभारंभ, मोटिवेशनल स्पीकर ने विद्यार्थियों को किया प्रेरित

by Mujtaba Haider Rizvi
Sona Devi University, Freshers Week
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Ghatshila : सोना देवी विश्वविद्यालय में मंगलवार को एक सप्ताह तक चलने वाले फ्रेशर्स वीक का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नवनामांकित विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय, शैक्षणिक व्यवस्था, नियमों और विभिन्न गतिविधियों की जानकारी देना है। फ्रेशर्स वीक के पहले दिन प्रख्यात मोटिवेशनल स्पीकर चंद्रेश्वर खां ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्हें निरंतर सीखने और अपने कार्यों में सुधार करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि कल की गलतियों को दोहराने के बजाय उनसे सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए। सफलता के लिए आंतरिक प्रेरणा, इच्छाशक्ति और कार्यों में निरंतरता जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों को मोबाइल फोन का विवेकपूर्ण इस्तेमाल करने तथा लगातार अपने ज्ञान में वृद्धि करने की सलाह दी। साथ ही शॉर्ट टर्म और लॉन्ग टर्म लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें हासिल करने के लिए निरंतर प्रयास करने का संदेश दिया।

विश्वविद्यालय के विवेकानंद ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में शिक्षाविद् एवं इग्नू के पूर्व क्षेत्रीय निदेशक डॉ. सरोज मिश्र ने विद्यार्थियों को पढ़ाई के प्रति गंभीर रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि किसी भी विषय को सीखने के लिए स्मरण शक्ति, समझ और चिंतन शक्ति जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों को सीखने का प्रभावी तरीका बताते हुए कहा, “पढ़ो ऐसा कि दूसरे को पढ़ा सको।”

इस अवसर पर सोना देवी विश्वविद्यालय के कुलाधिपति प्रभाकर सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में सफलता के लिए प्रसन्नता के साथ ईमानदारी, कठिन परिश्रम और विनम्रता आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से ईश्वर, माता-पिता और गुरुजनों का सम्मान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि अपने संस्थान पर गर्व करने वाला व्यक्ति ही सफलता की दिशा में मजबूती से आगे बढ़ता है। युवाओं पर बड़ी जिम्मेदारी है और संकल्प को सिद्ध करने के लिए गर्व की भावना जरूरी है।

विश्वविद्यालय की कुलसचिव डॉ. नित नयना ने विद्यार्थियों से विश्वविद्यालय के नियमों का पालन करते हुए अनुशासन बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कक्षाओं में शत-प्रतिशत उपस्थिति को आवश्यक बताया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने एक-दूसरे से परिचय प्राप्त किया और आपसी समझ विकसित करने का प्रयास किया। इसके अलावा सभी विद्यार्थियों का विश्वविद्यालय के विभिन्न फैकल्टी सदस्यों से भी परिचय कराया गया। फ्रेशर्स वीक के आगामी दिनों में विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था एवं अन्य गतिविधियों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी जाएगी।

Read Also: Musabani Murder: घर में घुसकर बड़े भाई की गला रेतकर हत्या, छोटे ने भागकर बचाई जान

Related Articles

Leave a Comment