
जमशेदपुर : कोल्हान विश्वविद्यालय (केयू) परीक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। विवि प्रशासन ने स्नातक (यूजी) सेमेस्टर 1 से 6 (सीबीसीएस) के बैकलॉग विशेष परीक्षा 2025 के लिए जनवरी माह में ही ऑनलाइन परीक्षा फॉर्म भरवा लिया था। लेकिन करीब सात महीने का लंबा समय बीत जाने के बाद भी अब तक परीक्षा का आयोजन नहीं हो सका है। अमूमन परीक्षा फॉर्म भराए जाने के एक से डेढ़ महीने के भीतर परीक्षा की तिथियां घोषित कर परीक्षा ले ली जाती है।
इसके विपरीत, केयू प्रशासन बैकलॉग विशेष परीक्षा की तारीख तक तय नहीं कर पाया है। विवि ने प्रत्येक विद्यार्थी से परीक्षा शुल्क के रूप में 500 रुपए भी जमा करा लिए हैं, मगर परीक्षा कब होगी यह स्पष्ट करने वाला कोई जिम्मेदार अधिकारी सामने नहीं आ रहा है।
स्नातक स्तर की लंबित परीक्षाएं
नई शिक्षा नीति के तहत चार वर्षीय स्नातक कार्यक्रम के विभिन्न सेमेस्टरों, विशेषकर दूसरे, तीसरे और चौथे सेमेस्टर की परीक्षाएं एवं परिणाम निर्धारित शैक्षणिक कैलेंडर की तुलना में छह माह से एक साल तक पीछे चल रही हैं।
स्नातकोत्तर स्तर की लंबित परीक्षाएं
- एमए, एमएससी एवं एमकॉम के नियमित सत्र की परीक्षाएं निर्धारित समय से पीछे चल रही हैं।
- पिछले सत्रों के दूसरे, तीसरे एवं चौथे सेमेस्टर की परीक्षाओं तथा मूल्यांकन कार्य में लगातार देरी हो रही है।
व्यावसायिक एवं पेशेवर पाठ्यक्रमों में देरी
- बीएड एवं एमएड पाठ्यक्रमों की सैद्धांतिक एवं प्रायोगिक परीक्षाएं सत्र विलंब के कारण प्रभावित हो रही हैं।
- एलएलबी तथा बीबीए, बीसीए और आईटी जैसे व्यावसायिक पाठ्यक्रमों की सेमेस्टर परीक्षाओं में देरी हो रही है।
- कई पाठ्यक्रमों के परीक्षा परिणाम भी निर्धारित समय से लगभग तीन से छह महीने तक पीछे चल रहे हैं।
पीएचडी एवं शोध प्रक्रिया में विलंब
- पाठ्यक्रम कार्य की परीक्षा निर्धारित समय पर नहीं हो पा रही है।
- शोधार्थियों की सिनॉप्सिस एवं पंजीकरण प्रक्रिया भी प्रभावित हो रही है।
- इससे शोध कार्य की पूरी समय-सारणी बाधित हो रही है।
अलग अलग कारणों की वजह से पहले विभिन्न परीक्षाओं में देरी हुई थी। लेकिन अब उसे समय पर लाने की कोशिश कर हरे हैं। जहां तक बैकलॉग परीक्षा की है तो जल्द ही उसकी तिथि घोषित की जाएगी। छात्रों को परेशान होने की जरूरत नहीं है। – रिंकी डोरायी, परीक्षा नियंत्रक केयू
Read Also: Chaibasa News : विश्वविद्यालय के विकास में एलुमिनी की भूमिका को और अधिक मजबूत करने पर दिया जोर


