
चाईबासा : झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिला अंतर्गत गोइलकेरा प्रखंड में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। कुमारतोड़ांग गांव निवासी बामिया चाम्पिया की पत्नी की गुरुवार को बुंडू गांव के पास अचानक गिरने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
ग्रामीणों के अनुसार बामिया चाम्पिया अपनी पत्नी के साथ गुरुवार को अपने गांव कुमारतोड़ांग से रोआम साप्ताहिक हाट बाजार गए थे। दोनों पति-पत्नी ने हाट में जरूरत का सामान खरीदा और खरीदारी करने के बाद पैदल ही अपने गांव लौट रहे थे।
लौटने के दौरान जैसे ही वे बुंडू गांव के पास पहुंचे, तभी बामिया की पत्नी अचानक सड़क पर गिर पड़ी। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तुरंत उन्हें संभालने और उठाने की कोशिश की, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। अचानक हुई इस घटना से पति बामिया चाम्पिया सदमे में आ गए। मौके पर मौजूद ग्रामीणों में भी शोक की लहर दौड़ गई।
ग्रामीणों का कहना है कि महिला की मौत अचानक तबीयत बिगड़ने के कारण हुई है। कुछ लोगों ने आशंका जताई है कि गर्मी और थकान के कारण भी उनकी तबीयत बिगड़ गई होगी। हालांकि मौत का स्पष्ट कारण अभी पता नहीं चल पाया है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय लोगों ने परिजनों को सूचना दी। ग्रामीणों की मदद से महिला के शव को उसके गांव ले जाया गया। गांव में घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग बामिया के घर पहुंचे और परिजनों को सांत्वना दी। फिलहाल इस मामले में किसी तरह की पुलिस कार्रवाई की सूचना नहीं है। परिजनों और ग्रामीणों ने इसे एक आकस्मिक मौत बताया है।


