
गोड्डा : जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने गई पुलिस टीम खुद ही हिंसा का शिकार हो गई। बसंतराय थाना क्षेत्र के राहा गांव में कब्रिस्तान की चहारदीवारी के निर्माण को लेकर तनाव था। लोगों को शांत कराने पहुंची पुलिस पर उग्र भीड़ ने हमला बोल दिया। इस अचानक हुए हमले में ड्यूटी पर तैनात सहायक उप-निरीक्षक (एएसआई) सत्यजीत यादव गंभीर रूप से चोटिल हो गए।
विवाद की मुख्य वजह
राहा गांव में कब्रिस्तान घेराबंदी का निर्माण कार्य चल रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, निर्माण स्थल पर एक सिरफिरे शख्स ने शराब के नशे में कुछ आपत्तिजनक टिप्पणियां कर दीं। इस एक बात ने देखते ही देखते तूल पकड़ लिया। दो पक्षों के बीच शुरू हुई तीखी बहस धीरे-धीरे हिंसक मोड़ लेने लगी और मौके पर लोगों का जमावड़ा लगने लगा।
ऐसे बढ़ा मामला और हुआ हमला
माहौल बिगड़ने की भनक लगते ही बसंतराय थाना प्रभारी के निर्देश पर एएसआई सत्यजीत यादव अतिरिक्त पुलिस बल के साथ स्थिति को संभालने गांव पहुंचे। पुलिस की टीम जैसे ही उपद्रव फैलाने वाले मुख्य आरोपी की तलाश कर रही थी, तभी उग्र ग्रामीणों की भीड़ ने पुलिस बल को ही घेर लिया। कहासुनी इतनी बढ़ी कि भीड़ ने पुलिसकर्मियों पर धावा बोल दिया। इस झड़प में एएसआई यादव को गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद सहकर्मियों ने उन्हें तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है।
38 लोगों पर प्राथमिकी
घटना के बाद पुलिस प्रशासन एक्शन मोड में आ गया है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए 13 नामजद और करीब 25 अज्ञात उपद्रवियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
Read Also: Jamshedpur Muharram: जाकिरनगर इमामबारगाह में निकला अमारी व ताबूत का जुलूस

