
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले में गुरुवार को ‘गृह प्रवेश दिवस’ का आयोजन अत्यंत हर्षोल्लास और विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ। इस विशेष अवसर पर जिले के विभिन्न प्रखंडों में सरकारी आवासीय योजनाओं के तहत बने नवनिर्मित मकानों में लाभुक परिवारों का पारंपरिक रीति-रिवाज से गृह प्रवेश कराया गया। इस पहल ने जरूरतमंद परिवारों के अपने सुरक्षित और सम्मानजनक घर के सपने को साकार किया है।
उपायुक्त ने सुखमति पूरती के नए घर का किया निरीक्षण
कार्यक्रम की कड़ी में जिले के उपायुक्त मनीष कुमार ने सदर चाईबासा प्रखंड की तमाड़बांध पंचायत स्थित तोलगोए साई गांव का दौरा किया। वहां उन्होंने ‘अबुआ आवास योजना’ की लाभुक सुखमति पूरती के नवनिर्मित मकान का निरीक्षण किया और आयोजित गृह प्रवेश कार्यक्रम में मुख्य रूप से शामिल हुए। पूजा-अर्चना के बाद सुखमति पूरती और उनके परिवार को विधि-विधान के साथ नए घर में प्रवेश कराया गया।
चाबी और उपहार भेंट कर दी शुभकामनाएं
गृह प्रवेश के दौरान उपायुक्त मनीष कुमार ने लाभुक को सांकेतिक रूप से नए मकान की चाबी और एक प्रेशर कुकर भेंट स्वरूप प्रदान किया। उन्होंने परिवार को नए आशियाने में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली के लिए हार्दिक शुभकामनाएं दीं। नया घर पाकर लाभुक परिवार के चेहरे पर खुशी और संतोष साफ झलक रहा था।
आवास केवल एक भवन नहीं, सम्मानजनक जीवन का आधार : उपायुक्त
उपायुक्त ने कहा कि मकान सिर्फ ईंट और सीमेंट का ढांचा नहीं होता, बल्कि यह हर परिवार के सुरक्षित और गरिमापूर्ण जीवन की बुनियाद है। सरकार की इन आवास योजनाओं का मुख्य उद्देश्य वंचित और जरूरतमंद वर्ग को पक्का मकान मुहैया कराकर उनके जीवन स्तर को बेहतर बनाना है। उन्होंने दोहराया कि जिला प्रशासन हर योग्य व्यक्ति तक योजना का लाभ पहुंचाने के लिए पूरी तरह से संकल्पबद्ध है।
कार्यक्रम में ये अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
इस अवसर पर प्रशासनिक अधिकारियों के साथ स्थानीय जनप्रतिनिधि भी शामिल हुए। कार्यक्रम में सदर चाईबासा अंचल अधिकारी उपेंद्र कुमार, तमाड़बांध पंचायत की मुखिया गीतांजलि बोदरा, ग्रामीण मुण्डा मधुसूदन पुरती, जिला परिषद के सहायक परियोजना पदाधिकारी विवेक पाढ़ी, और जिला आवास समन्वयक सरफराज आलम समेत कई अन्य लोग उपस्थित रहे।
Read Also Chaibasa News : गुदड़ी के पिंडिंग से गिरू तक 19 किमी सड़क निर्माण को कैबिनेट की मंजूरी

