
चाईबासा : झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में लगातार हो रही बारिश आफत बनकर बरस रही है। बारिश के कारण कच्चे मकान धराशायी हो रहे हैं और जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।
पहली घटना चाईबासा स्थित मुफस्सिल थाना क्षेत्र के गुटुसाई हिलटॉप की है। मंगलवार रात तेज बारिश के दौरान एक कच्चा मकान अचानक ढह गया। बताया जा रहा है कि घर में पति-पत्नी और तीन बच्चों सहित पांच लोग खाना खाकर सो रहे थे। तभी मकान भरभराकर गिर गया, जिससे घर में अफरा-तफरी मच गई। इस हादसे में अर्जुन गोप नामक व्यक्ति घायल हो गया, जबकि परिवार के अन्य चार सदस्य बाल-बाल बच गए। घटना के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए और स्थानीय लोगों की मदद से घर का सामान निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। खबर लिखे जाने तक प्रशासन का कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा था।
दूसरी ओर कुमारडूंगी प्रखंड में भी बारिश ने कहर बरपाया है। लगातार झमाझम बारिश से मिट्टी के मकानों की दीवारें गलकर कमजोर हो गई हैं। मंगलवार शाम चांदमुनीया गांव में गोविंद पान का कच्चा मकान गिर गया। उस समय गांव के ही विकास बोदरा और अंकुरा बोदरा बारिश से बचने के लिए आंगन में खटिया पर बैठे थे। दीवार गिरने से दोनों मलबे की चपेट में आ गए।
गनीमत रही कि अंकुरा बोदरा को चोट नहीं आई, जबकि विकास बोदरा के ऊपर घर का रोला गिरने से वह घायल हो गया। ग्रामीणों ने तत्काल मलबा हटाकर उसे बाहर निकाला। वहीं छोटारायकमन गांव में भी बारिश से दो कच्चे मकान गिर गए, हालांकि किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। लगातार हो रहे हादसों के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से कमजोर और कच्चे मकानों का सर्वे कर प्रभावित परिवारों को मुआवजा और सहायता देने की मांग की है।
Read Also Chaibasa News : भारी बारिश से सारंडा की मुख्य सड़क जर्जर, गार्डवाल टूटे

