
चाईबासा : झारखंड एथलेटिक्स एसोसिएशन के तत्वावधान में बोकारो जिले के चंदनकियारी में आयोजित तीसरी झारखंड जूनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता में पश्चिमी सिंहभूम जिले की प्रतिभावान एथलीट यश्मिता कुमारी गोंड ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बालिका वर्ग की लंबी कूद स्पर्धा में 4.79 मीटर कूद कर रजत पदक हासिल किया। मझगांव प्रखंड के अधिकारी गांव की रहने वाली यश्मिता कुमारी गोंड वर्तमान में चंदनकियारी स्थित राज्य सरकार द्वारा संचालित एथलेटिक्स एक्सीलेंसी सेंटर में रहकर नियमित रूप से प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। उनकी इस उपलब्धि से पश्चिमी सिंहभूम जिले का नाम राज्य स्तर पर गौरवान्वित हुआ है। प्रतियोगिता में जिले के अन्य खिलाड़ियों ने भी अपनी-अपनी स्पर्धाओं में बेहतर प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों के प्रदर्शन को लेकर पश्चिमी सिंहभूम जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं।
यश्मिता की इस उपलब्धि पर संघ की मुख्य संरक्षक सह सांसद जोबा माझी, संरक्षक विधायक जगत माझी एवं मुकुंद रुंगटा, नगर पार्षद अध्यक्ष अध्यक्ष नितिन प्रकाश, उपाध्यक्ष नीरज संदवार एवं बलराज हिंदवार, महासचिव अजय कुमार नायक, संयुक्त सचिव काश्मीर कांडेयांग एवं अर्जुन महाकुड़, विजय वानरा, ओंकार महतो, संजीव बांहंदा, पूनम पिंगुवा, प्रीति, सह-सचिव लखिंदर, शिवा, बैगो, नरेंद्र, पवन , गुरु,मुन्ना सहित जिले के खेल प्रेमियों ने बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।संघ ने उम्मीद जताई है कि यश्मिता सहित जिले के अन्य प्रतिभावान खिलाड़ी आने वाले समय में राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर पश्चिमी सिंहभूम का नाम रोशन करेंगे।

