
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा स्थित सरकारी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (ITI) में एडमिशन को लेकर बुधवार को जमकर हंगामा और अफरा-तफरी मच गई। महज 90 सीटों के लिए करीब 1000 से अधिक छात्र-छात्राएं आवेदन करने के लिए कॉलेज पहुंच गए, जिससे पूरे परिसर में अव्यवस्था फैल गई।
जानकारी के अनुसार एडमिशन की अंतिम तिथि नजदीक आने के कारण मंगलवार शाम 6 बजे से ही बड़ी संख्या में विद्यार्थी कॉलेज गेट के बाहर जुटने लगे थे। देखते ही देखते रात तक कॉलेज के बाहर लंबी कतार लग गई। बुधवार सुबह तक भीड़ इतनी बढ़ गई कि स्थिति बेकाबू होने लगी।

चाईबासा आईटीआई संस्थान
भीड़ को नियंत्रित करना कॉलेज प्रशासन के बस से बाहर हो गया, जिसके बाद प्रबंधन ने मुफस्सिल थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद स्थिति को संभाला। पुलिस ने छात्रों को कतार में खड़ा कर शांत कराया और व्यवस्था बहाल की।
इसी दौरान कॉलेज परिसर में किन्नर समाज के लोगों ने भी नामांकन को लेकर जोरदार हंगामा किया। उनका आरोप था कि उन्हें आवेदन प्रक्रिया में परेशानी हो रही है। उनके हंगामे से कुछ देर के लिए कॉलेज परिसर में और भी अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
छात्रों का कहना है कि सीटें काफी कम हैं और आवेदन करने वालों की संख्या बहुत ज्यादा है, इसलिए अंतिम तिथि से पहले फॉर्म जमा करने की होड़ मची हुई है। कई छात्र रात भर जागकर लाइन में लगे रहे।
वहीं कॉलेज प्रबंधन का कहना है कि छात्रों की भारी भीड़ को देखते हुए अब ऑनलाइन आवेदन की व्यवस्था पर विचार किया जा रहा है, ताकि छात्रों को परेशानी न हो और एडमिशन प्रक्रिया सुचारू रूप से पूरी हो सके। फिलहाल पुलिस की मौजूदगी में आवेदन प्रक्रिया जारी है।
Read Also Chaibasa News : डायन-बिसाही के संदेह में बर्बरतापूर्वक हमला कर महिला को किया घायल

