Home » Chaibasa News : कंपनी से मिले क्वार्टर पर अवैध कब्जा, अब चार बेटियों को लेकर कहां जाए संतोषी

Chaibasa News : कंपनी से मिले क्वार्टर पर अवैध कब्जा, अब चार बेटियों को लेकर कहां जाए संतोषी

सेल प्रबंधन की ओर से ठेका मजदूर को सेवा नगर में सी-टाइप क्वार्टर नंबर बीसी-97 रहने के लिए दिया गया था। क्वार्टर पर अवैध कब्जे के कारण बेटियों संग तिरपाल के नीचे रहने को मजबूर महिला ठेका श्रमिक

by Rajeshwar Pandey
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

चाईबासा : अपना कच्चा घर इस बार बारिश में गिर गया। स्टील अथारिटी ऑफ इंडिया (SAIL) में ठेका मजदूर होने के नाते उसे रहने के लिए आवंटित किए गए क्वार्टर पर अवैध कब्जा है। ऐसे में पश्चिमी सिंहभूम जिले के गुवा में यह महिला अपनी चार बेटियों के साथ खुले आसमान के नीचे रहने के लिए मजबूर है। लगातार हो रही बरसात से बचने के ऊपर तिरपाल ही एक सहारा है। अपनी परेशानियों को लेकर महिला संतोषी करूवा ने पुलिस से गुहार लगाई लेकिन पुलिस की ओर से कुछ खास ध्यान नहीं दिया गया। संतोषी चाहती है कि जो क्वार्टर उसे आवंटित किया है, वह उसे रहने के लिए मिल जाए ताकि अपनी बेटियों के साथ अपनी सुरक्षा का भी वह ध्यान रख सके। इसके लिए एक बार फिर इस महिला ने पुलिस को आवेदन देकर आवंटित क्वार्टर को अवैध कब्जे से मुक्त कराने की मांग की है।

थाने में लगाई गुहार

मामला गुवा थाना क्षेत्र के सेवा नगर का है। पीड़ित महिला संतोषी करुवा ने गुवा थाना में लिखित शिकायत देकर न्याय की गुहार लगाई है। संतोषी गुवा सेल में ठेका मजदूर के रूप में काम करती हैं। सेल प्रबंधन की ओर से उन्हें सेवा नगर में सी-टाइप क्वार्टर नंबर बीसी-97 रहने के लिए दिया गया था। संतोषी ने बताया कि वह अपने पति द्वारा बनाए गए कच्चे मिट्टी के मकान में अपनी चार बेटियों के साथ रह रही थी। लगातार बारिश के कारण उनका कच्चा मकान भरभराकर गिर गया। मकान गिरने के बाद से वह चारों बेटियों के साथ तिरपाल टांगकर किसी तरह जीवन गुजार रही है।

क्वार्टर पर देवर ने कर रखा है कब्जा

पीड़िता का आरोप है कि उसके नाम पर आवंटित क्वार्टर पर उसके देवर गुरुचरण करुवा ने जबरन कब्जा कर लिया है। कई बार कहने के बावजूद देवर क्वार्टर खाली करने को तैयार नहीं है। इसको लेकर उन्होंने सेल प्रबंधन को भी लिखित आवेदन दिया है। संतोषी ने बताया कि करीब 5 महीने पहले भी उन्होंने क्वार्टर खाली कराने के लिए गुवा थाने में शिकायत दी थी, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। 2 सितंबर को उन्होंने फिर से थाना में लिखित शिकायत दी, इसके बाद भी स्थिति जस की तस बनी हुई है। महिला ने प्रशासन और सेल प्रबंधन से जल्द से जल्द क्वार्टर खाली कराने की मांग की है, ताकि वह अपनी बेटियों के साथ सुरक्षित छत के नीचे रह सके।

Read Also Chaibasa News : पश्चिमी सिंहभूम जिले में बाल गोपाल का छठियारी उत्सव धूमधाम से मनाया गया

Related Articles

Leave a Comment