
रांची : झारखंड हाइकोर्ट में जल्द ही तीन नए जजों की तैनाती होने जा रही है। सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने इस संबंध में अपनी मंजूरी दे दी है। यह फैसला मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की अध्यक्षता में हुई अहम बैठक में लिया गया।
इस बैठक में राज्य के तीन वरिष्ठ न्यायिक अधिकारियों के नामों पर सहमति बनी। इनमें गढ़वा के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश मनोज प्रसाद का नाम शामिल है। इसके अलावा साहिबगंज के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अखिल कुमार के नाम की सिफारिश की गई है। तीसरे अधिकारी डालटनगंज के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश राम शर्मा हैं।
सुप्रीम कोर्ट से हरी झंडी मिलने के बाद अब नियुक्ति की आगे की प्रक्रिया शुरू होगी। केंद्र सरकार से मंजूरी और राष्ट्रपति के आदेश के बाद तीनों अधिकारी पदभार संभालेंगे। नए जजों के आने से हाइकोर्ट में लंबित मामलों के निपटारे में तेजी आएगी।
मुकदमों की सुनवाई में आएगी तेजी
झारखंड हाइकोर्ट में स्वीकृत पदों के मुकाबले लंबे समय से जजों की कमी बनी हुई है। यहां जजों के कुल 25 पद स्वीकृत हैं। वर्तमान में मुख्य न्यायाधीश एमएस सोनक समेत केवल 13 जज ही कार्यरत हैं। इस वजह से अदालती काम का बोझ काफी अधिक है।
तीन नए जजों के शामिल होने से कार्यरत जजों की संख्या बढ़कर 16 हो जाएगी। इससे खाली पदों की संख्या घटेगी और आम लोगों को राहत मिलेगी। मुकदमों की सुनवाई जल्दी पूरी होने की उम्मीद भी बढ़ गई है।
Read Also : *JSSC- CGL भर्ती मामले में हाईकोर्ट का बड़ा आदेश, बहाल कर्मचारियों की अभी नहीं जाएगी नौकरी*

