
धनबाद : सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से दोस्ती करना कितना खतरनाक हो सकता है, इसका ताजा उदाहरण धनबाद के धनसार थाना क्षेत्र में देखने को मिला है। एक युवती को फेसबुक-इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती भारी पड़ गई। प्राइवेट फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देने वाले आरोपी युवक को धनसार पुलिस ने नेपाल बॉर्डर के पास से धर दबोचा है। पकड़ा गया आरोपी बिहार के मोतिहारी का रहने वाला है।
मीठी बातों में फंसाकर जुटा लीं निजी तस्वीरें
मिली जानकारी के मुताबिक, धनसार की रहने वाली युवती की पहचान सोशल मीडिया के जरिए मोतिहारी के रहने वाले युवक से हुई थी। धीरे-धीरे दोनों में बातचीत बढ़ी और दोस्ती गहरी हो गई। इसी दौरान आरोपी ने चालाकी से युवती के कुछ निजी फोटो और वीडियो हासिल कर लिए। जैसे ही तस्वीरें हाथ लगीं, युवक का असली चेहरा सामने आ गया और वह युवती को ब्लैकमेल करते हुए उन तस्वीरों को इंटरनेट पर डालने की धमकी देने लगा।
नेपाल भागने की फिराक में था आरोपी
युवक की हरकतों और धमकियों से तंग आकर पीड़िता ने हिम्मत दिखाई और धनसार थाने में शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत साइबर और तकनीकी टीम की मदद ली। जब आरोपी की लोकेशन बिहार के मोतिहारी में मिली, तो धनबाद पुलिस की एक विशेष टीम वहां पहुंची। पुलिस को चकमा देकर नेपाल भागने की कोशिश कर रहे आरोपी को पुलिस ने सीमा के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस टीम आरोपी को पकड़कर धनबाद लाई और पूछताछ के बाद उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे सीधे जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने की सतर्कता बरतने की अपील
पुलिस ने अपील की है कि सोशल मीडिया का इस्तेमाल करते समय सतर्क रहें। किसी भी अनजान व्यक्ति से अपनी निजी तस्वीरें, वीडियो या संवेदनशील जानकारियां साझा न करें, ताकि इस तरह के साइबर अपराध और ब्लैकमेलिंग से बचा जा सके।
Read Also : Dhanbad News : जयराम महतो को धनबाद कोर्ट से बड़ी राहत, अग्रिम जमानत मंजूर, गिरफ्तारी के खतरे पर लगा विराम

