Home » JSSC-CGL Exam: परीक्षा धांधली मामले में CID की बड़ी कार्रवाई, एक और आरोपी बिहार से गिरफ्तार

JSSC-CGL Exam: परीक्षा धांधली मामले में CID की बड़ी कार्रवाई, एक और आरोपी बिहार से गिरफ्तार

by Kanchan Kumar
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: झारखंड कर्मचारी चयन आयोग द्वारा आयोजित जेएसएससी -सीजीएल परीक्षा में हुई धांधली और पेपर लीके से जुड़े फर्जीवाड़े के तार पड़ोसी राज्य बिहार से जुड़ते दिख रहे हैं। निष्पक्ष परीक्षा प्रक्रिया में सेंध लगाकर अभ्यर्थियों को अनुचित फायदा पहुंचाने के इस बड़े खेल में अपराध अनुसंधान विभाग को एक और बड़ी सफलता मिली है। सीआईडी की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बिहार के सारण जिले से मुख्य संदिग्ध मनु कुमार सिंह को गिरफ्तार कर लिया है।

कई सफल अभ्यर्थी भी शक के घेरे में

सीआईडी द्वारा जारी आधिकारिक सूचना के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी मनु कुमार सिंह पिता- अशोक कुमार सिंह सारण जिले के अवतार नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत देवरा गांव का निवासी है। जांच में सामने आया है कि मनु सिंह परीक्षा में गैर-कानूनी तरीके से परीक्षार्थियों को लाभ पहुंचाने वाले सिंडिकेट का एक अहम हिस्सा था। चौंकाने वाली बात यह है कि शुरुआती जांच में संकेत मिले हैं कि इस अनुचित सांठगांठ और फर्जीवाड़े का फायदा उठाने वाले कई अभ्यर्थी परीक्षा में पास भी घोषित हो चुके हैं। इस खुलासे के बाद अब सफल अभ्यर्थियों की सूची भी जांच के दायरे में आ गई है।

कुंदन और समीर से पूछताछ जारी, खुलेंगे कई गहरे राज

मामले की तह तक पहुंचने के लिए सीआईडी ने पहले से न्यायिक हिरासत में भेजे जा चुके दो प्रमुख आरोपियों-पलामू निवासी कुंदन कुमार (दुमरी, नौडीहा बाजार) और गिरिडीह निवासी समीर कुमार (बेंगाबाद) को पुलिस रिमांड पर लिया है। अधिकारियों का मानना है कि इन दोनों से आमने-सामने बैठाकर की जाने वाली कड़ाई से पूछताछ से इस पूरे नेटवर्क के मुख्य सरगनाओं, पैसों के लेनदेन और फर्जीवाड़े के तौर-तरीकों का पर्दाफाश होगा।

सख्त कार्रवाई का सिलसिला जारी

जेएसएससी-सीजीएल परीक्षा में हुई अनियमितताओं की परतें उधेड़ने में जुटी सीआईडी टीम का कहना है कि जांच का दायरा लगातार बढ़ रहा है। एजेंसी का स्पष्ट रुख है कि अभ्यर्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। आने वाले दिनों में इस मामले में कई और प्रभावशाली लोगों की गिरफ्तारियां और नए खुलासे होने की पूरी संभावना है।
Read Also:  Trisha Singh Last Rites: मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी तृषा पंच तत्व में विलीन, पिता ने दी मुखाग्नि 

 

 

Related Articles

Leave a Comment