
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम के हाटगम्हरिया थानांतर्गत बलांडिया गांव में शनिवार को हुए एक खौफनाक हादसे में भालू के हमले से एक अधेड़ की जान चली गई। मृतक की पहचान बलांडिया मुखिया टोला निवासी 55 वर्षीय प्रधान लागुरी के रूप में हुई है। चाईबासा सदर अस्पताल में इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। इस दर्दनाक घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत व्याप्त है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
शौच के दौरान भालू ने किया अचानक हमला
प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह प्रधान लागुरी साइकिल से गांव के पास स्थित जंगल की ओर शौच के लिए निकले थे। इसी दौरान जंगल में घात लगाए जंगली भालू ने उन पर अचानक हमला बोल दिया। भालू ने उन्हें जमीन पर पटक दिया और नुकीले पंजों व दांतों से उनके पेट, पीठ और पैरों को बुरी तरह से गोद डाला।
चीख-पुकार सुन पहुंचे ग्रामीणों ने भगाया
अधेड़ की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर तुरंत मौके की ओर दौड़े। ग्रामीणों द्वारा मचाए गए शोर-शराबे को देखकर भालू जंगल की ओर भाग निकला। इसके बाद लहूलुहान अवस्था में ग्रामीणों ने घायल व्यक्ति को तुरंत चाईबासा सदर अस्पताल भर्ती कराया, जहां देर शाम उन्होंने अंतिम सांस ली।
आज होगा पोस्टमार्टम, मुआवजे की मांग
रविवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। घटना के बाद से बलांडिया और आसपास के इलाकों में गहरा भय है तथा लोग जंगल की तरफ जाने से कतरा रहे हैं। आक्रोशित और भयभीत ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने की अपील की है। साथ ही, पीड़ित परिवार को जल्द से जल्द उचित मुआवजा देने की मांग उठाई है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में जंगली जानवरों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है, जिससे हमेशा जान-माल का जोखिम बना रहता है।

