
चाईबासा : झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिला मुख्यालय चाईबासा के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत नीमडीह खुंटा गांव से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। गांव निवासी 16 वर्षीय सरवन कालुंडिया ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसर गया है।
जानकारी के अनुसार मृतक चाईबासा डीपीएस स्कूल में 12वीं कक्षा का छात्र था। परिजनों के अनुसार रोज की तरह सब कुछ सामान्य था, लेकिन अचानक इस घटना ने सभी को हिलाकर रख दिया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने मुफस्सिल थाना प्रभारी विनोद कुमार को इसकी जानकारी दी। सूचना पर पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर परिजनों के साथ पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, चाईबासा भेज दिया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस घर और स्कूल दोनों एंगल से मामले की जांच कर रही है कि आखिर किस कारण से छात्र ने यह कदम उठाया। आत्महत्या के पीछे की वजह अब तक स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस पूरे मामले को लेकर पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता लगा पाएंगी। फिलहाल पुलिस परिजनों और सहपाठियों से भी पूछताछ करेगी।
Read Also Chaibasa News :कोल्हान विश्वविद्यालय में रक्तदान शिविर का आयोजन, 44 यूनिट रक्त संग्रह


