
चाईबासा : राज्य भर में 10 जून से 15 अक्टूबर तक जिले की सभी नदियाें से बालू उठाव पर एनजीटी की रोक है। लेकिन पश्चिम सिंहभूम जिले में अवैध बालू खनन व परिवहन रुकने का नाम नहीं ले रहा है। शुक्रवार देर शाम खनन टास्क फोर्स की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए चक्रधरपुर थाना क्षेत्र से अवैध रूप से बालू का परिवहन करते हुए 1 बालू लदा ट्रैक्टर एवं 1 हाइवा जब्त किया गया। जबकि मुफस्सिल थाना क्षेत्र से अवैध रूप से बालू का परिवहन करते हुए 1 बालू लदा ट्रैक्टर जब्त किया गया।
प्रशासन की इस औचक कार्रवाई से अवैध बालू माफियाओं में हड़कंप मच गया है। जब्त किए गए वाहनों को आगे की नियमानुसार कानूनी कार्रवाई कर संबंधित थाने में सुरक्षित रूप से सुपुर्द कर दिया गया है।
दिन रात होता अवैध बालू से लदे ट्रैक्टरों का आवागमन
बता दें कि मॉनसून को लेकर एनजीटी की यह आदेश हर साल जिला प्रशासन को दिया जाता है। लेकिन जिला मुख्यालय से लेकर जिले के विभिन्न प्रखंड क्षेत्र में लगातार नदियों से अवैध रूप से बालू का उठाव किया जा रहा है। यहां तक कि चाईबासा शहर में भी अवैध बालू से लदे ट्रैक्टरों का आवागमन दिन रात होता है। जिस पर टॉस्क फोर्स रोक लगा पाने में अक्षम साबित हो रहा है। लोगों का कहना है कि पुलिस प्रशासन एवं खनन विभाग की टीम के निकलने के पहले ही बालू तस्करों को इसकी जानकारी मिल जाती है। इसके बाद वे नदी से ट्रैक्टर को हटवा लेते हैं।
दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की चेतावनी
हालांकि टास्क फोर्स की टीम ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा, किसी भी हाल में अवैध खनन नहीं होने दिया जाएगा। अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ सख्त अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जिला खनन पदाधिकारी ने बताया कि जिले में अवैध खनन, अवैध परिवहन एवं अवैध भंडारण के विरुद्ध कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। खनिज संपदा के अवैध दोहन एवं परिवहन में संलिप्त व्यक्तियों/वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
Read Also Chaibasa News : आत्मनिर्भर बनेंगी महिलाएं तो मजबूत होगा परिवार और समाज : जोबा माझी

