भारत और बांग्लादेश की महिला क्रिकेट टीम के बीच खेली जा रही तीन मैच की वनडे सीरीज का आखिरी और निर्णायक मुकाबला ढाका के शेर-ए-बांग्ला नेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया। यह मुक़ाबला टाई हो गया। बारिश के कारण समय बर्बाद हुआ था और आधिकारिक समय खत्म होने के कारण सुपर ओवर नहीं हो सका। इसी वजह से सीरीज 1-1 से बराबरी पर छूट गई। अब दोनों टीमें ट्रॉफी साझा करेंगी।
इस सीरीज का पहला मुक़ाबला बांग्लादेश ने जीता था। वहीं दूसरे मैच में भारत ने बेहतरीन वापसी की थी। इस रोमांचक मुक़ाबले में दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। इस मैच में बांग्लादेश ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए फरगना हक के शतक के दम पर 50 ओवर में 225/4 रन बनाए। इसके जवाब में भारतीय टीम भी 49.3 ओवर में 225 रन बनाकर ढेर हो गई और मैच टाई हो गया।

