जयपुर : राजस्थान के भरतपुर जिले में एक ट्रेलर ट्रक में बुधवार तड़के हुई टक्कर में 11 यात्रियों की मौत हो गयी वहीं 15 अन्य यात्री घायल हुए हैं। सभी घायलों का पास के अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे पुलिस के अधिकारियों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। इस घटना पर दुख जताते हुए और पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने की मंजूरी दी है। वहीं, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और राज्यपाल कलराज मिश्र ने हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ्य होने की कामना की।
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने घटना पर जताया दुख
गहलोत ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा कि भरतपुर में गुजरात से धार्मिक यात्रा पर आये श्रद्धालुओं की बस में एक ट्रेलर ट्रक के टक्कर मारने की घटना में 11 लोगों की मौत अत्यंत दुखद है। पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने मौके पर पहुंच कर घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। उन्होंने कहा कि मैं ईश्वर से सभी दिवंगतजनों की आत्मा को शांति देने एवं उनके परिजनों को यह दुख सहने की हिम्मत प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं। ईश्वर सभी घायलों को जल्द स्वस्थ्य करे।
राज्यपाल ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की राज्यपाल मिश्र ने एक बयान में कहा कि ईश्वर से मृतकों की आत्मा को शांति देने और उनके परिजनों को यह दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं। मिश्र ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की। पुलिस ने बताया कि बस गुजरात के यात्रियों को उत्तर प्रदेश के मथुरा ले जा रही थी, तभी वह तड़के करीब साढ़े चार बजे राजस्थान के भरतपुर में हादसे का शिकार हो गई।
READ ALSO : ईडी ने तृणमूल कांग्रेस सांसद नुसरत जहां से छह घंटे पूछताछ की, पार्टी ने दूरी बनाई
पांच पुरुष और छह महिला यात्रियों की मौके पर ही मौत
पुलिस के मुताबिक, बस लखनपुर इलाके में अंतरा फ्लाईओवर पर रुकी थी, तभी ट्रेलर ने उसे पीछे से टक्कर मार दी। अधिकारियों ने बताया कि हादसे में बस में सवार पांच पुरुष और छह महिला यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस नियंत्रण कक्ष के अनुसार, मृतकों की पहचान अंतू, नंदराम, लल्लू, भरत, लालजी उनकी पत्नी मधुबेन, अंबाबेन, कंबुबेन, रामूबेन, अंजूबेन और अरविंद व उसकी पत्नी के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि सभी मृतक गुजरात के भावनगर जिले के दिहोर के रहने वाले थे।

