
BCCI ने नई जर्सी को बुधवार को जारी की। नई जर्सी को बीसीसीआई और एडिडास दोनों ने एक साथ सोशल मीडिया वीडियो पोस्ट के जरिए जारी किया। वीडियो का टाइटल ‘3 का ड्रीम’ है, जिससे पता चलता है कि भारत अब अपने तीसरे वनडे विश्व कप खिताब जीतने के लिए तैयार है, इससे पहले टीम इंडिया ने 1983 और 2011 में वनडे वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम किया था।
थीम सॉन्ग को रफ्तार ने दी है आवाज
ब्रांड एडिडास, भारत के सीनियर डायरेक्टर, सुनील गुप्ता ने इस मौके पर कहा, “क्रिकेट हर भारतीय के दिल में एक विशेष स्थान रखता है। विश्व कप भारत में होने के कारण, उम्मीदें पहले से कहीं ज्यादा ऊंची हैं और टीम को सफल होते देखने की इच्छा भी। विश्व कप जीतने के लिए भारत को जो एनर्जी चाहिए उसे इसके लिए थीम सॉन्ग एडिडास ने जारी किया, जिसे मशहूर रैपर रफ्तार ने गाया है।
भारत जीत चुका है दो वर्ल्ड कप
गौरतलब है कि भारतीय टीम दो बार वर्ल्ड कप जीत चुकी है। 1983 के बाद टीम इंडिया ने 2011 में वर्ल्ड कप जीता था। अब टीम इंडिया तीसरी बार वर्ल्ड चैंपियन बनने का ख्वाब देख रही है। खास बात यह है कि वर्ल्ड कप इस बार भारत में खेला जाएगा।
अभी फॉर्म में है टीम इंडिया
बता दें कि भारतीय क्रिकेट टीम से वर्ल्ड कप जीतने की उम्मीद भी है। टीम इंडिया एशिया कप 2023 में शानदार जीत हासिल कर चुकी है। रोहित शर्मा, केएल राहुल, विराट कोहली, शुभमन गिल, मोहम्मद सिराज, जसप्रीत बुमराह सभी प्लेयर्स बैटिंग-बॉलिंग में बेहतरीन प्रदर्शन कर रहे हैं।

