
धनबाद/हजारीबाग:अब वो जमाना बीत गया जब कहा जाता था-पढ़ोगे-लिखोगे बनोगे नवाब, खेलोगे-कूदोगे होगे खराब। देश के युवाओं को अब यह साफ संदेश मिल चुका है कि पढ़ाई के साथ खेल भी एक शानदार करियर बन सकता है। इसी सोच को बढ़ावा देने के लिए झारखंड के कई प्रमुख संस्थानों में ‘खेल की बात पीएम के साथ’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
राष्ट्रीय खेल दिवस और हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर देशभर के 1,500 से अधिक संस्थानों में यह संवाद आयोजित हुआ। इसमें पीएम मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देश भर के छात्रों को सीधा संदेश दिया।
सांसद ढुलू महतो का छात्रों को ऑफर-समस्या हो तो सीधे मुझे कॉल करें
धनबाद के आईआईटी आईएसएम में आयोजित कार्यक्रम में युवाओं का उत्साह देखने लायक था। मुख्य अतिथि और धनबाद के सांसद ढुलू महतो ने छात्रों को प्रेरित करते हुए मंच से अपना निजी मोबाइल नंबर ही साझा कर दिया। उन्होंने कहा कि यदि धनबाद का कोई भी प्रतिभावान खिलाड़ी पैसों, संसाधनों या मार्गदर्शन की कमी की वजह से रुक रहा है, तो वह सीधे उनसे बात कर सकता है। सांसद के इस ऐलान से युवाओं में काफी खुशी दिखी।
सांसद ने बताया कि पहले खिलाड़ियों को सुविधाएं जुटाने के लिए भटकना पड़ता था, लेकिन ‘खेलो इंडिया’ जैसे अभियानों से अब स्थितियां बहुत बेहतर हो चुकी हैं।
‘खेल सिखाते हैं लीडरशिप’
संस्थान के निदेशक प्रो. सुकुमार मिश्रा ने कहा कि आईआईटी आईएसएम सिर्फ पढ़ाई या इंजीनियरिंग तक सीमित नहीं है, बल्कि यहां छात्रों के शारीरिक और मानसिक विकास पर भी ध्यान दिया जाता है। खेल से युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास जैसी खूबियां आती हैं जो जीवन भर काम आती हैं।
हजारीबाग और जमशेदपुर में भी दिखा भारी उत्साह
संत कोलंबस कॉलेज हजारीबाग के छात्र और खिलाड़ी पीएम मोदी से ऑनलाइन जुड़कर काफी खुश दिखे। पीएम के दिए गुरुमंत्र “जो खेलेगा, वही खिलेगा” को सुनकर छात्रों का उत्साह दोगुना हो गया।
राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी जमशेदपुर) में हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद को याद करते हुए युवाओं ने खेल के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई।
पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि एक स्वस्थ और फिट युवा ही एक मजबूत और विकसित भारत का निर्माण कर सकता है। खेल केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का एक बड़ा जरिया हैं।
Read Also: Chaibasa News : लंबित ओटी भुगतान के समाधान की दिशा में बड़ी पहल, रेलवे बोर्ड ने दिए 24 करोड़

