
Jamshedpur : युवा कारोबारी निखार सबलोक हत्याकांड में सरायकेला-खरसावां और जमशेदपुर पुलिस की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिलने की सूचना है। सूत्रों के अनुसार, हत्याकांड में शामिल एक शूटर को बिहार से गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं, दूसरे शूटर की गिरफ्तारी के लिए भी पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। मामले में जल्द ही पुलिस बड़ा खुलासा कर सकती है।
सूत्रों के मुताबिक, पुलिस ने इस हत्याकांड के कथित साजिशकर्ता को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। उसके मोबाइल से मिले महत्वपूर्ण सुरागों के आधार पर पुलिस जांच आगे बढ़ाती गई और हत्या की पूरी साजिश की परतें खुलने लगीं। साजिशकर्ता से पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर रेकी करने वाले युवकों, शूटरों और हत्या के बाद उन्हें घटनास्थल से भगाने में मदद करने वाले आरोपियों की पहचान हुई।
बताया जा रहा है कि निखार सबलोक की हत्या सुपारी देकर कराई गई थी और इसके लिए करीब 10 लाख रुपये में सौदा हुआ था। हत्या की वारदात को अंजाम देने के लिए बिहार के अपराधियों को बुलाया गया था। दोनों शूटर करीब एक सप्ताह से जमशेदपुर में मौजूद थे।
जांच में यह भी बात सामने आई है कि सोनारी क्षेत्र के दो अपराधियों ने निखार सबलोक की गतिविधियों की रेकी की थी। इन लोगों ने शूटरों को कारोबारी की पहचान कराने के साथ-साथ हत्या की साजिश को अंजाम तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
सूत्रों के अनुसार, अपराधियों ने पहले कदमा स्थित विजया हेरिटेज में निखार सबलोक की हत्या की योजना बनाई थी। हालांकि, वहां कड़ी सुरक्षा व्यवस्था होने के कारण वे अपनी योजना को अंजाम नहीं दे सके। इसके बाद अपराधियों ने चांडिल थाना क्षेत्र के कांदरबेड़ा स्थित हाईवे किनारे टेंथ माइल स्टोन होटल को निशाना बनाया, जहां वारदात के बाद फरार होना अपेक्षाकृत आसान माना गया।
बताया जाता है कि निखार सबलोक जमीन की डीलिंग के सिलसिले में लगातार करीब तीन दिनों से उक्त होटल में बैठक करने जा रहे थे। अपराधियों ने उनकी गतिविधियों पर नजर रखी और मौका मिलते ही योजनाबद्ध तरीके से हत्या की वारदात को अंजाम दे दिया।
हत्या के बाद आरोपी लाल रंग की कार से बुंडू के रास्ते बिहार की ओर फरार हुए। जांच के दौरान एक टोल प्लाजा के सीसीटीवी कैमरे में संदिग्धों की कार दिखाई देने की बात सामने आई है। इसी कार से अपराधियों के फरार होने की भी जानकारी पुलिस को मिली है। विभिन्न स्थानों से मिले तकनीकी और अन्य साक्ष्यों ने पुलिस को आरोपियों तक पहुंचने में महत्वपूर्ण मदद की।
फिलहाल पुलिस अधिकारियों ने मामले में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। हालांकि, एक शूटर की गिरफ्तारी और अन्य आरोपियों तक पुलिस की पहुंच की खबरों के बीच संभावना जताई जा रही है कि शुक्रवार को इस हाई-प्रोफाइल हत्याकांड का बड़ा खुलासा किया जा सकता है।

