कोडरमा : तिलैया थाना अंतर्गत बैजनाथ नगर में रविवार रात चोरी की लगातार वारदातों ने लोगों को दहला दिया। चोरों ने एक ही रात तीन बंद मकानों को निशाना बनाया, जिनमें से दो घरों से लाखों रुपये के जेवरात और लगभग तीन लाख रुपये नकद चोरी कर लिए गए। एक घर में चोरी का प्रयास जरूर हुआ, लेकिन चोर वहां सफल नहीं हो सके।
जिस घर में सबसे बड़ी चोरी हुई, वहां से शराब की बोतल भी बरामद की गई है। इससे यह आशंका मजबूत होती है कि चोरों ने वारदात से पहले शराब पी थी और उसके बाद पूरे आराम से चोरी को अंजाम दिया।
पीड़ित अनिल साव ने बताया कि परिवार गांव ‘छठियारी’ गया हुआ था। पड़ोसी की सूचना पर जब वे लौटे, तो घर का ताला टूटा मिला और अंदर का सारा सामान बिखरा पड़ा था। जेवरात और तीन लाख रुपये नकद गायब थे। घटना की जानकारी मिलते ही तिलैया पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है।

