
विधायक जयराम महतो ने दिया युवाओं का साथ। बोकारो में भर्ती विवाद गरमाया।
बोकारो : जिले में नौकरी की उम्मीद लगाए बैठे युवाओं का सब्र आखिरकार जवाब दे रहा है। मंगलवार को होमगार्ड और चौकीदार के खाली पड़े पदों पर तुरंत बहाली निकालने की मांग को लेकर बड़ी संख्या में युवक-युवतियां उपायुक्त कार्यालय के बाहर धरना दिया और जमकर नारेबाजी की। साथ ही प्रशासन के रवैये का विरोध जताया।
प्रदर्शन कर रहे युवाओं का मुख्य आक्रोश 2023 में हुई भर्ती प्रक्रिया को लेकर है। उनका आरोप है कि पिछली बार बोकारो के स्थानीय युवाओं का हक मारकर बाहरी जिलों के अभ्यर्थियों को नौकरियां दे दी गईं, जिससे यहां के योग्य युवा बेरोजगार रह गए।
धरने में हुए शामिल हुए जयराम महतो
युवाओं के इस आंदोलन को बल देने के लिए डुमरी विधायक जयराम महतो खुद मौके पर पहुंचे। बिना कोई औपचारिक दूरी बनाए सीधे युवाओं के साथ जमीन पर धरना देने बैठ गए। विधायक ने मौके से ही डीसी को फोन लगाकर बोकारो के युवाओं के हक में जल्द बहाली प्रक्रिया शुरू करने का आग्रह किया। उन्होंने जोर देकर कहा कि इन पदों पर भर्ती से कई घरों में उम्मीद की नई किरण जागेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर जिला प्रशासन इस मामले को गंभीरता से नहीं लेता है, तो वे इसे सीधे विधानसभा में उठाएंगे।
युवतियों ने बयां किया दर्द
धरना दे रहीं ग्रामीण क्षेत्र की लड़कियों ने अपना दुख साझा करते हुए बताया कि वे सालों से पढ़ाई और तैयारी कर रही हैं, लेकिन रोजगार न मिलने के कारण परिवार वाले अब उन पर शादी का दबाव बना रहे हैं। प्रदर्शनकारियों की केवल एक ही मांग है कि पहले स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता देते हुए जल्द से जल्द नई भर्ती निकाली जाए।
Read Also:Paper Leak Bill: लोकसभा में प्रियंका ने शिक्षा मंत्री पर कौन सी ऐसी बात कह दी कि सदन का माहौल हो गया गरम, जमकर तीखी बहस

