
Jamshedpur : ट्यूब मेकर्स क्लब प्रबंधन और कैंटीन होटल रेस्टोरेंट वर्कर्स यूनियन के बीच कर्मचारियों के बोनस को लेकर समझौता संपन्न हो गया। समझौते के तहत ट्यूब मेकर्स क्लब के कर्मचारियों को 16.5 प्रतिशत बोनस दिया जाएगा। बोनस की न्यूनतम राशि 24,704 और अधिकतम राशि 62,401 निर्धारित की गई है। वहीं, कर्मचारियों को मिलने वाली औसत बोनस राशि 46,756 होगी।
बोनस समझौते पर प्रबंधन की ओर से क्लब के अध्यक्ष संतोष कुमार सिन्हा, उपाध्यक्ष दिनकर आनंद, सेक्रेटरी अनुराग कटोरिया एवं रिचा केडिया ने हस्ताक्षर किए। वहीं, यूनियन की ओर से प्रेसिडेंट राकेश्वर पांडे, डिप्टी प्रेसिडेंट बीके डिंडा, जनरल सेक्रेटरी ददन सिंह, कमेटी मेंबर पुलक मेंथी एवं पीटर एंथोनी ने समझौते पर हस्ताक्षर किए।
समझौता होने के बाद कर्मचारियों ने खुशी जाहिर करते हुए यूनियन अध्यक्ष राकेश्वर पांडे एवं उनकी पूरी टीम को बधाई दी। कर्मचारियों ने कहा कि बोनस समझौते से उनमें उत्साह बढ़ा है।
इस अवसर पर यूनियन अध्यक्ष राकेश्वर पांडे और ट्यूब मेकर्स क्लब के अध्यक्ष संतोष कुमार सिन्हा के बीच क्लब एवं कर्मचारियों के विकास को लेकर भी चर्चा हुई। दोनों पक्षों ने क्लब को आगे बढ़ाने के लिए समय-समय पर यूनियन-प्रबंधन की बैठकें आयोजित करने पर सहमति जताई। बैठक का उद्देश्य क्लब के विकास के साथ कर्मचारियों के हितों और विकास के नए रास्ते तैयार करना है।

