
रांची : स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने बुधवार को नई दिल्ली में कांग्रेस के संगठन प्रभारी केसी वेणुगोपाल से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने झारखंड सरकार के स्वास्थ्य विभाग के कामकाज, स्वास्थ्य व्यवस्था में किए जा रहे सुधार और जनहित में संचालित योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही राज्य में संगठन की गतिविधियों और विभाग से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर रिपोर्ट भी सौंपी।
मुलाकात के दौरान एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) को लेकर आम लोगों में बढ़ती चिंता, परेशानी और आक्रोश का मुद्दा भी उठाया गया। डॉ. अंसारी ने इसके प्रभाव और लोगों की समस्याओं से वेणुगोपाल को अवगत कराया।
इसके अलावा एमएमडीआर से जुड़े मामलों, विभिन्न जिलों में कांग्रेस संगठन की ओर से चलाए जा रहे कार्यक्रमों और जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने के लिए किए जा रहे प्रयासों की भी जानकारी दी गई। वेणुगोपाल ने सभी विषयों को गंभीरता से सुना और संगठन एवं सरकार से जुड़े मामलों पर आवश्यक मार्गदर्शन दिया।
इस दौरान कांग्रेस अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष मंजूर अंसारी भी मौजूद रहे। मुलाकात के बाद डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि वेणुगोपाल का मार्गदर्शन और विश्वास हमेशा नई ऊर्जा देता है। झारखंड के हित और कांग्रेस संगठन की मजबूती के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम जारी रहेगा

