
रांची : जल जीवन मिशन के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित, सुरक्षित और पर्याप्त पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा जलापूर्ति योजनाओं के बेहतर संचालन और रख-रखाव में उत्कृष्ट योगदान देने वाली राज्य की आठ जल सहियाओं को बुधवार को सम्मानित किया गया। नेपाल हाउस में आयोजित कार्यक्रम में पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के सचिव अबु इमरान ने जल सहियाओं को विशेष प्रशस्ति-पत्र, स्मृति चिह्न और अंगवस्त्र प्रदान किए।
सम्मान पाने वाली जल सहियाओं में बोकारो जिले की पांच और रांची जिले की तीन जल सहिया शामिल हैं। सचिव ने उनके कार्यों की सराहना करते हुए राज्य की अन्य जल सहियाओं को भी इसी तरह सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम के दौरान सम्मानित जल सहियाओं ने ग्रामीण क्षेत्रों में काम करने के दौरान अपने अनुभव भी साझा किए।
जल सहियाओं ने अपने ग्राम और पंचायतों में जल एवं स्वच्छता समिति के साथ समन्वय कर जल जीवन मिशन की योजनाओं के संचालन और रख-रखाव को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। वे जलापूर्ति में आने वाली समस्याओं की पहचान कर विभाग तक इसकी सूचना पहुंचाने के साथ-साथ पानी की गुणवत्ता, जल संरक्षण और पानी के सुरक्षित एवं विवेकपूर्ण इस्तेमाल को लेकर ग्रामीणों को जागरूक कर रही हैं।
पानी के शुल्क से चल रहा रख-रखाव
जल जीवन मिशन में जल सहियाओं की भूमिका केवल घरों तक नल का पानी पहुंचाने तक सीमित नहीं है। वे ग्रामीण परिवारों को मासिक जल शुल्क के नियमित भुगतान के लिए भी जागरूक कर रही हैं। इससे गांवों में जलापूर्ति योजनाओं के संचालन के लिए स्थानीय स्तर पर राशि उपलब्ध हो रही है
विभाग के अनुसार, जल शुल्क से जुटाई गई राशि का इस्तेमाल प्लंबर और पंप ऑपरेटरों के मासिक मानदेय, छोटी-मोटी मरम्मत तथा जलापूर्ति योजनाओं के संचालन और रख-रखाव में किया जा रहा है। इससे ग्रामीण जलापूर्ति योजनाओं को लंबे समय तक सुचारू बनाए रखने में मदद मिल रही है।
विभाग का जोर अब केवल ग्रामीण परिवारों को नल कनेक्शन देने पर नहीं, बल्कि नियमित, पर्याप्त, सुरक्षित और दीर्घकालिक जल सेवा उपलब्ध कराने पर है। जल सहियाओं को दिया गया यह सम्मान इसी दिशा में उनके जमीनी योगदान को प्रोत्साहित करने की पहल माना जा रहा है।

