
चाईबासा : झारखंड में सुरक्षा बलों के बढ़ते दबाव के चलते कुल 60 लाख रुपये के सामूहिक इनाम वाले 16 कुख्यात नक्सली (भाकपा माओवादी) 28 जुलाई 2026 को पुलिस मुख्यालय में आत्मसमर्पण (सरेंडर) करने जा रहे हैं। आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों में रीजनल कमांडर (15 लाख रुपये का इनामी) संतोष उर्फ गांधी, जोनल कमांडर (10-10 लाख रुपये के इनामी) अश्विन और चंदन लोहार सहित तीन माओवादी सब-जोनल कमांडर (5-5 लाख रुपये के इनामी) तीन माओवादी एरिया कमांडर छह माओवादी दस्ता कैडर तीन सक्रिय सदस्य शामिल हैं।
हथियारों और गोला-बारूद के साथ करेंगे पुलिस के सामने सरेंडर
ये सभी नक्सली अपने आधुनिक हथियारों और भारी मात्रा में गोला-बारूद के साथ पुलिस के सामने सरेंडर करेंगे। यह पूरा दस्ता झारखंड के कोल्हान और सारंडा के सुदूर जंगली और पहाड़ी इलाकों में सक्रिय था। यह दस्ता 1 करोड़ रुपये के इनामी नक्सली मिसिर बेसरा के नेटवर्क से जुड़ा हुआ था।
नक्सलवाद के खात्मे की दिशा में एक और कदम
इससे पहले 21 मई 2026 को भी राज्य में एक ऐतिहासिक सरेंडर हुआ था, जिसमें 25 माओवादियों सहित कुल 27 नक्सलियों ने डीजीपी के सामने हथियार डाले थे। लगातार हो रहे इन सामूहिक आत्मसमर्पणों को झारखंड से नक्सलवाद के खात्मे की दिशा में एक बहुत बड़ा मील का पत्थर माना जा रहा है।


