
Jamshedpur : तमिलनाडु के चेन्नई स्थित एलीफेंट थाना पुलिस ने मंगलवार को झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा से राजस्थान निवासी शक्ति सिंह को गिरफ्तार किया। आरोपी को स्थानीय पुलिस के सहयोग से पकड़कर चेन्नई ले जाया गया। बताया जा रहा है कि वह करीब दो महीने पहले एलीफेंट थाना क्षेत्र की एक ज्वेलरी दुकान में काम करता था।
पुलिस के अनुसार, दुकान मालिक का करीब 4 किलो हॉलमार्क सोना लाने के दौरान शक्ति सिंह कथित तौर पर सोना लेकर फरार हो गया था। घटना के बाद उसके खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी और लगातार उसकी तलाश की जा रही थी।
जांच के दौरान चेन्नई पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी बहरागोड़ा में अपनी पहचान छिपाकर फालूदा का कारोबार कर रहा है। सूचना मिलते ही एलीफेंट थाना पुलिस की टीम झारखंड पहुंची और स्थानीय पुलिस की मदद से छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस मामले में आरोपी के एक अन्य साथी को भी हिरासत में लिया गया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है ताकि चोरी किए गए सोने और पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य तथ्यों का पता लगाया जा सके। मामले की जांच जारी है।

