Home » Jamshedpur News : स्वर्णरेखा नदी के इंटेकवेल से MGM अस्पताल परिसर के WTP तक पानी पहुंचाने का ट्रायल सफल

Jamshedpur News : स्वर्णरेखा नदी के इंटेकवेल से MGM अस्पताल परिसर के WTP तक पानी पहुंचाने का ट्रायल सफल

Jamshedpur News : अब जल्द खत्म होगी पेयजल की समस्या, 15 अगस्त तक स्वच्छ पानी मिलने की उम्मीद

by Mujtaba Haider Rizvi
Jamshedpur Water Supply Project Trial Success
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jamshedpur : जमशेदपुर के कोल्हान क्षेत्र के सबसे बड़े सरकारी स्वास्थ्य संस्थान एमजीएम मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में जल्द ही स्वच्छ और नियमित पेयजल आपूर्ति शुरू होने की उम्मीद है। मानगो नगर निगम की डिमना जलापूर्ति योजना के तहत मंगलवार को शंकोसाई श्यामनगर स्थित स्वर्णरेखा नदी के इंटेकवेल से अस्पताल परिसर तक पानी पहुंचाने का ट्रायल सफलतापूर्वक पूरा किया गया।

ट्रायल के दौरान इंटेकवेल से एमजीएम मेडिकल कॉलेज परिसर में बने वाटर ट्रीटमेंट प्लांट (डब्ल्यूटीपी) तक पानी सफलतापूर्वक पहुंचा। इससे यह स्पष्ट हो गया कि परियोजना अब अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। हालांकि परीक्षण के दौरान पाइपलाइन के चार स्थानों पर लीकेज की समस्या सामने आई। इनमें शंकोसाई नंबर-1 क्षेत्र में तीन और डिमना स्थित स्मार्ट बाजार के पास एक स्थान पर पानी का रिसाव मिला। ट्रायल पूरा होने के तुरंत बाद निर्माण एजेंसी मदन लाल बजाज कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड ने मरम्मत कार्य शुरू कर दिया। अधिकारियों के अनुसार अगले तीन दिनों में सभी तकनीकी खामियों को दूर कर पाइपलाइन को पूरी तरह दुरुस्त कर दिया जाएगा।

पहले 15 जुलाई तक होना था ट्रॉयल

गौरतलब है कि इस योजना का ट्रायल 15 जुलाई को होना था, लेकिन ट्रांसफॉर्मर की अनुपलब्धता, लो वोल्टेज की समस्या और पाइपलाइन के ज्वाइंट एवं बैंड वाले हिस्सों की ढलाई पूरी तरह नहीं सूखने के कारण इसे टालना पड़ा था। बाद में निर्माण एजेंसी ने डीजल जनरेटर (डीजी) की सहायता से पंपिंग सिस्टम चालू कर सफलतापूर्वक परीक्षण पूरा किया।

परियोजना से जुड़े अधिकारियों का कहना है कि यदि शेष तकनीकी और औपचारिक प्रक्रियाएं समय पर पूरी हो जाती हैं तो 15 अगस्त तक इस बहुप्रतीक्षित जलापूर्ति योजना का उद्घाटन कर दिया जाएगा। इसके बाद एमजीएम अस्पताल के वार्ड, ऑपरेशन थिएटर, प्रयोगशालाएं, छात्रावास और अन्य विभागों में नियमित रूप से स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराया जा सकेगा।

अस्पताल में है पानी की घोर किल्लत

गौरतलब है कि एमजीएम अस्पताल लंबे समय से पेयजल संकट से जूझ रहा है। मरीजों, उनके परिजनों, चिकित्सकों और अस्पताल कर्मियों को पर्याप्त और शुद्ध पानी नहीं मिलने के कारण काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता रहा है। नई जलापूर्ति योजना शुरू होने के बाद अस्पताल की वर्षों पुरानी पेयजल समस्या का स्थायी समाधान होने के साथ-साथ स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में भी सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।

इस परियोजना को गति दिलाने में जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय की भी अहम भूमिका रही है। उन्होंने कई बार योजना में हो रही देरी का मुद्दा उठाते हुए संबंधित विभागों और अधिकारियों से कार्य में तेजी लाने की मांग की थी। अब सफल ट्रायल के बाद अस्पताल में जल्द स्वच्छ पेयजल आपूर्ति शुरू होने की उम्मीद और मजबूत हो गई है।

Read Also: Jamshedpur news : टाटा स्टील ने पत्रकारों के साथ किया संवाद, जिम्मेदार पत्रकारिता और नैतिक मूल्यों पर हुआ मंथन

Related Articles