दिल्ली : दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी (आप) ने भारतीय जनता पार्टी (भा.ज.पा.) पर तीखा हमला करते हुए सोमवार को “भा.ज.पा. की उपलब्धियां” नामक एक खाली किताब जारी की। इस किताब के माध्यम से पार्टी ने भाजपा पर चुनावी वादे पूरे करने में विफल रहने का आरोप लगाते हुए उसका मजाक उड़ाया।
संजय सिंह बोले- कई वादे नहीं पूरा कर सकी भाजपा
‘आप’ के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि भाजपा ने 2014 में चुनाव जीतने के लिए और सत्ता में आने के बाद कई वादे किए, लेकिन वे सभी अधूरे रहे। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2014 में 15 लाख रुपये बैंक खातों में जमा करने, हर साल दो करोड़ नौकरियां देने, 50 रुपये प्रति लीटर पेट्रोल बेचने और अन्य कई बड़े वादे किए थे, लेकिन वे सभी पूरे नहीं हो पाए।
संजय सिंह ने भाजपा पर किया कटाक्ष
सिंह ने भाजपा पर कटाक्ष करते हुए कहा, “आज हम भाजपा की वादों और उनकी वास्तविक उपलब्धियों पर एक किताब जारी करेंगे। इसमें आपको कुछ भी नहीं मिलेगा, क्योंकि भाजपा ने अपने वादों को पूरा नहीं किया।” उन्होंने यह भी कहा कि “यह किताब भाजपा के दावों की वास्तविकता को उजागर करने का प्रयास है।”

