
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के नोवामुंडी प्रखंड अंतर्गत गुवा थाना क्षेत्र के दुधबिला पंचायत स्थित बेतेरकेया गांव में गुरुवार सुबह 11 हजार वोल्ट तार की चपेट में आने से बिजली मिस्त्री रवि चाम्पिया (40) की मौत हो गई।
कैसे हुई घटना
जानकारी के अनुसार रवि चाम्पिया रोज की तरह सुबह करीब 9:30 बजे बिजली पोल पर मरम्मत का काम कर रहे थे। इसी दौरान वे 11 हजार वोल्ट के तार के संपर्क में आ गए और करंट लगने से मौके पर ही दम तोड़ दिया।
परिजनों ने किया प्रदर्शन
घटना के बाद परिजन और ग्रामीण शव के साथ सड़क पर बैठ गए। उन्होंने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्यपालक अभियंता और सहायक अभियंता पर एफआईआर दर्ज करने की मांग की। परिजनों का कहना है कि विभाग कर्मचारियों को जरूरी सुरक्षा किट नहीं देता, जिस कारण ऐसी दुर्घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने आश्रित को सरकारी नौकरी, 20 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग करते हुए कई घंटे तक शव के साथ धरना दिया। परिजनों ने कहा कि सुबह की घटना के बाद भी शाम तक विभाग ने लिखित में कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया और मांग पूरी होने से पहले ही शव उठवा लिया गया।
नेताओं ने जताई नाराजगी
मौके पर पहुंचे आदिवासी किसान मजदूर पार्टी के जिला अध्यक्ष सह जिला परिषद सदस्य ने घटना की निंदा की। उन्होंने कहा कि ड्यूटी के दौरान जान गंवाने वाले कर्मी के परिवार को सरकार को न्याय देना चाहिए। मृतक के परिजनों को तुरंत नौकरी और उचित मुआवजा मिले।
क्या मिला आश्वासन
बताया गया कि चाईबासा के कार्यपालक अभियंता से बातचीत में परिजनों को 20 से 50 हजार रुपये की तात्कालिक मदद, 10 लाख का मुआवजा और एक सदस्य को रोजगार देने का भरोसा दिया गया है। हालांकि परिजनों ने कहा कि लिखित आदेश मिलने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। घटना के समय मौके पर पुलिस अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे। परिजनों ने चेतावनी दी है कि यदि मांगें नहीं मानी गईं तो शुक्रवार को बिजली विभाग कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया जाएगा।
Read Also Chaibasa News : होमगार्ड कार्यालय में ड्यूटी के बदले पैसे वसूली के आरोप पर जांच करेगी समिति

