गढ़वा : झारखंड के गढ़वा जिला अंतर्गत रंका-रमकंडा सड़क पर रविवार की सुबह करीब 5.30 बजे, रंका थाना से महज 200 मीटर की दूरी पर एक तीखे मोड़ में गिट्टी लदे डंपर ने आर्मी की बहाली के लिए दौड़ का अभ्यास कर रहे मानपुर गांव के दो युवकों को रौंद दिया। इस घटना में दोनों युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद डंपर भी अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे दोनों युवक गिट्टी के ढेर में दब गए।
घटना की जानकारी मिलते ही रंका थाना की पुलिस ने ग्रामीणों के साथ पोकलेन मशीन की मदद से गिट्टी में लंबे दोनों युवकों का क्षत-विक्षत शव बरामद कर थाना लाया।

मृतकों में मानपुर गांव के टेढ़ी महुआ टोला निवासी सुरेंद्र राम का पुत्र 22 वर्षीय राजू कुमार रवि तथा नंदू राम का 21 वर्षीय पुत्र अनिल कुमार रवि शामिल है। इस घटना के विरोध में ग्रामीणों ने रंका-रमकंडा सड़क को जाम कर दिया। इसकी जानकारी के बाद अनुमंडल पदाधिकारी रुद्र प्रताप, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रोहित रंजन सिंह, पुलिस निरीक्षक अभिजीत गौतम, थाना प्रभारी रविकुमार केशरी लोगों को समझा-बुझाकर जाम हटाने का प्रयास में जुटे थे। लेकिन, ग्रामीण दोनों मृतक के आश्रित को मुआवजा, सरकारी नौकरी देने आदि मांगों पर अड़े हुए थे।

