
Jamshedpur : गोलमुरी बाजार स्थित फूड प्लाजा परिसर में श्री श्री राजस्थान सार्वजनिक पूजा कमेटी की ओर से लगातार 45वें वर्ष आयोजित होने वाली शिव-पार्वती पूजा को लेकर सोमवार को विधिवत भूमि पूजन एवं पूजा स्थल की धार्मिक शुरुआत की गई। वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच आयोजित भूमि पूजन में भाजपा पूर्वी सिंहभूम के जिला प्रभारी दिनेश कुमार, कमेटी के अध्यक्ष कमल लड्डा एवं सत्यनारायण अग्रवाल समेत अन्य गणमान्य लोगों ने हिस्सा लिया। सभी ने भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा-अर्चना कर क्षेत्रवासियों के सुख, शांति, समृद्धि एवं मंगलमय जीवन की कामना की।
भूमि पूजन के दौरान पंडित सोमेन मुखर्जी ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराया। मंत्रोच्चार से पूरा परिसर भक्तिमय हो उठा। आयोजन समिति के सदस्यों, श्रद्धालुओं एवं स्थानीय नागरिकों ने श्रद्धा और उत्साह के साथ पूजा-अर्चना में भाग लिया।
कमेटी के अध्यक्ष कमल लड्डा ने कहा कि गोलमुरी में पिछले 45 वर्षों से लगातार आयोजित हो रही शिव-पार्वती पूजा धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक परंपरा और सामाजिक एकजुटता का जीवंत उदाहरण है। उन्होंने कहा कि किसी धार्मिक आयोजन का इतने लंबे समय तक निरंतर जारी रहना आयोजन समिति और स्थानीय समाज की श्रद्धा, समर्पण एवं सहभागिता को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि भगवान शिव त्याग, तपस्या और कल्याण के प्रतीक हैं, जबकि माता पार्वती शक्ति, श्रद्धा और नारी सम्मान की प्रतीक हैं। शिव-पार्वती की आराधना समाज को प्रेम, समर्पण, पारिवारिक मूल्यों और सामाजिक दायित्वों का संदेश देती है।
वहीं, दिनेश कुमार ने आयोजन समिति के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों को 45वें वर्ष के आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन समाज को एकजुट करने के साथ नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। ऐसे आयोजनों से आपसी भाईचारा, सामाजिक सद्भाव और सांस्कृतिक चेतना मजबूत होती है।
उन्होंने भगवान भोलेनाथ और माता पार्वती से प्रार्थना करते हुए कहा कि गोलमुरी सहित पूरे जमशेदपुर में सुख, शांति, समृद्धि और सद्भाव कायम रहे तथा सभी परिवारों पर ईश्वर की कृपा बनी रहे।
इस अवसर पर श्री श्री राजस्थान सार्वजनिक पूजा कमेटी के कैलाश पटवारी, शंकर अग्रवाल, कमल गुप्ता, बंटी अग्रवाल, प्रोबीर चटर्जी राणा, धन्ना अग्रवाल, रामअवतार, ओमप्रकाश, खन्ना, मनोज खत्री, अमरेंद्र सिंह, संदीप अग्रवाल, संतोष अग्रवाल, विक्की लड्डा, संजय अग्रवाल, मिहित अग्रवाल, मुकेश अग्रवाल, नवीन अग्रवाल, सुशील अग्रवाल, मामराज गुप्ता समेत कमेटी के अन्य सदस्य, स्थानीय नागरिक एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

