
Gumla : जिले के चैनपुर प्रखंड स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्य सुविधाओं की कथित कमी को लेकर एक मासूम बच्ची की मौत के बाद लोगों में आक्रोश व्याप्त है। प्रेम नगर निवासी राज कुमार लोहरा ने आरोप लगाया है कि उनकी पुत्री सिमानी कुमारी को समय पर आवश्यक चिकित्सा सुविधा नहीं मिल सकी, जिसके कारण उसकी जान चली गई।
परिजनों के अनुसार बच्ची की तबीयत अचानक बिगड़ने पर उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। उनका आरोप है कि अस्पताल में उस समय आक्सीजन की व्यवस्था नहीं थी। साथ ही समय पर चिकित्सक और नर्सिंग स्टाफ उपलब्ध नहीं हो सके। स्थिति गंभीर होने पर बेहतर इलाज के लिए रेफर करने की बात कही गई, लेकिन समय पर एंबुलेंस भी उपलब्ध नहीं हो पाई। इससे इलाज में देरी हुई और बच्ची की मौत हो गई।
घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने भी अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि समय पर आक्सीजन, चिकित्सक, नर्स और एंबुलेंस जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध होतीं तो बच्ची की जान बचाई जा सकती थी। लोगों ने स्वास्थ्य विभाग से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और लापरवाही के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकों की नियमित तैनाती, पर्याप्त नर्सिंग स्टाफ, चौबीसों घंटे आक्सीजन की उपलब्धता तथा हर समय एंबुलेंस सेवा सुनिश्चित करने की भी मांग उठाई है। उनका कहना है कि क्षेत्र की बड़ी आबादी इस अस्पताल पर निर्भर है, इसलिए यहां स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करना अत्यंत आवश्यक है।
Read also Chatra News: चतरा में भाजयुमो नेता की गिरफ्तारी पर गरमाएगा सियासी पारा

