Home » Gumla Accident: सड़क पार कर रहा था सांप, बचाने के क्रम में ऑटो पलटा, नाबालिग बच्चे की मौत

Gumla Accident: सड़क पार कर रहा था सांप, बचाने के क्रम में ऑटो पलटा, नाबालिग बच्चे की मौत

by Kanchan Kumar
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

​गुमला : जिले से घाघरा थाना क्षेत्र के घोड़ाटांगर मोड़ के पास शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ। सड़क से एक सांप गुजर रहा था। ऑटो चालक ने उसे बचाने के क्रम में गाड़ी से नियंत्रण खो दिया। ऑटो सड़क पर ही पलट गया। इसमें सवार एक नाबालिग बच्चे की मौत हो गई।

सूत्रों के अनुसार ऑटो अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। इसमें बिहार के गया जिले का रहने वाला नाबालिग की जान चली गई। मृत बच्चे की पहचान आयुष कुमार सिंह के रूप में हुई है। आयुष अपने माता-पिता और परिवार के अन्य लोगों के साथ एक शादी समारोह में शामिल होने आया था। शादी के बाद सभी लोग ऑटो में सवार होकर सिरकोट गांव जा रहे थे। यहां आयुष का ननिहाल है। रास्ते में यह घटना घट गई।

ऑटो सवार लोगों ने बताया कि ऑटो घोड़ाटांगर मोड़ के पास पीपल पेड़ के नजदीक पहुंचा था। तभी अचानक सड़क पर एक सांप आ गया। चालक ने सांप को बचाने के लिए तेजी से ऑटो को मोड़ दिया। इससे गाड़ी का संतुलन बिगड़ गया। रफ्तार तेज होने के कारण चालक ऑटो को नियंत्रित नहीं कर सका और यह बीच सड़क पर ही पलट गया।

ऑटो में थे 8-10 लोग सवार

​हादसे के वक्त ऑटो में करीब 8 से 10 लोग सवार थे। अन्य लोगों को सिर्फ हल्की-फुल्की खरोंचें आईं। लेकिन आयुष को गंभीर चोटें आईं। घरवाले आनन-फानन में उसे घाघरा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। ​घटना की जानकारी मिलते ही घाघरा थाने की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ऑटो को अपने कब्जे में ले लिया है और बच्चे के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है

Read Also : Chaibasa News : चाईबासा में सांप काटने से 7 साल की बच्ची की मौत, घर में जमीन पर सो रही थी बच्ची 

Related Articles