स्पोर्ट्स डेस्क : चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) कल शनिवार को टीम की घोषणा करेगा। चयन समिति के अध्यक्ष अजीत अगरकर की अगुआई में 12ः30 बजे एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान टीम का एलान होगा। इसमें वह चुने गए खिलाड़ियों और टूर्नामेंट के लिए बनाई गई रणनीतियों की जानकारी देंगे। कप्तान रोहित शर्मा भी इस प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मौजूद रहेंगे। प्रेस कांफ्रेंस में चैंपियंस ट्रॉफी के साथ ही इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज के लिए टीम का भी एलान होगा।
23 फरवरी को भारत-पाक मैच
बता दें कि चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में आठ टीमों को चार के दो ग्रुप में बांटा गया है। सेमीफाइनल और फाइनल तक कुल 12 ग्रुप-स्टेज मैच होंगे। 23 फरवरी को भारत और पाकिस्तान का मुकाबला दुबई में खेला जाएगा। एक सेमीफाइल दुबई में होगा और यदि भारत फाइनल में पहुंचता है तो दुबई ही फाइनल की मेजबानी भी करेगा।
19 फरवरी से शुरू होगा टूर्नामेंट
भारत अपना पहला मुकाबला 23 फरवरी को पाकिस्तान के साथ खेलेगा। उसके बाद दो मार्च को न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच खेला जाएगा। सात साल बाद वापसी कर रहे इस टूर्नामेंट की 19 फरवरी से शुरुआत होगी। आठ मार्च को फाइनल खेला जाएगा। अब तक भारत के साथ मेजबान पाकिस्तान ने अपनी टीमों की घोषणा नहीं की है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, बीसीसीआई की ओर से टीम के एलान में देरी के पीछे की वजह जसप्रीत बुमराह और कुलदीप यादव की फिटनेस को लेकर उपजी चिंता है।
बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में चोटिल हुए थे बुमराह
गौरतलब है कि हाल ही में समाप्त हुई बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के अंतिम टेस्ट मैच में बुमराह के पीठ में चोट लग गई थी। सिडनी टेस्ट मैच के दूसरे दिन चोटिल होने के बाद बुमराह को स्कैन के लिए ले जाया गया था। हालांकि, अब तक बीसीसीआई की ओर से चोट की गंभीरता की पुष्टि नहीं की गई है।

