Ranchi : गिरिडीह जिले में गोलगप्पा खाने के बाद 18 बच्चों के बीमार पड़ने और एक छह वर्षीय बच्चे की मौत के मामले में राज्य सरकार सख्त हो गई है। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने घटना को गंभीर बताते हुए उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का निर्देश दिया है।
मंत्री ने कहा कि यह घटना बेहद दुखद और अस्वीकार्य है। खाद्य सुरक्षा से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। संदिग्ध खाद्य पदार्थों के सैंपल जब्त कर जांच के लिए कोलकाता की लैब भेजे गए हैं, ताकि जल्द सच्चाई सामने आ सके। संबंधित गोलगप्पा विक्रेता को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
घटना के बाद सरकार ने पूरे राज्य में विशेष जांच अभियान चलाने का फैसला लिया है। मंत्री ने सभी होटल, रेस्टोरेंट, ढाबा, स्ट्रीट फूड दुकानों, मिठाई दुकानों, पानी सप्लायरों और दवा दुकानों की सघन जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मिलावट, गंदगी, एक्सपायरी सामान या किसी भी तरह की लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इधर, जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग और पुलिस को अलर्ट मोड पर रखा गया है। बीमार बच्चों का इलाज जारी है और 17 बच्चों की स्थिति अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।
स्वास्थ्य मंत्री ने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार हर स्तर पर उनके साथ है। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सख्त मानक लागू किए जाएं।
मंत्री ने आम लोगों से अपील की है कि खुले में बिकने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता का ध्यान रखें और किसी भी संदिग्ध मामले की सूचना प्रशासन को दें।
Read Also: Ranchi News : ट्रैफिक व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के लिए मुख्यमंत्री ने अधिकारियों के साथ की बैठक

