Home » Tatanagar Encroachment: टाटा नगर रेलवे स्टेशन के पास में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई टली, रेलवे ने दी 15 दिन की मोहलत

Tatanagar Encroachment: टाटा नगर रेलवे स्टेशन के पास में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई टली, रेलवे ने दी 15 दिन की मोहलत

विभाग के पास अदालत का आदेश भी मौजूद था और पूर्व में दुकानदार को नोटिस जारी कर दिया गया था। तय कार्यक्रम के अनुसार बुधवार को अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू होनी थी।

by Mujtaba Haider Rizvi
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jamshedpur : टाटानगर रेलवे इंजीनियरिंग विभाग द्वारा चलाए जा रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत बुधवार को गुदरी बाजार में प्रस्तावित कार्रवाई टाल दी गई। प्रशासनिक टीम और सुरक्षा बल मौके पर मौजूद रहे, लेकिन दुकानदार द्वारा अदालत में याचिका दायर करने की बात कहे जाने के बाद तत्काल तोड़फोड़ नहीं की गई।गौरतलब है कि रेलवे इंजीनियरिंग विभाग की टीम जिला प्रशासन द्वारा नियुक्त मजिस्ट्रेट सुदीप्त राज के नेतृत्व में भारी पुलिस बल के साथ गुदरी बाजार स्थित मुरारी सेठ की दुकान पर पहुंची थी।

विभाग के पास अदालत का आदेश भी मौजूद था और पूर्व में दुकानदार को नोटिस जारी कर दिया गया था। तय कार्यक्रम के अनुसार बुधवार को अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू होनी थी। इसी दौरान दुकानदार मुरारी सेठ ने अधिकारियों को बताया कि उन्होंने झारखंड हाई कोर्ट में मामले को लेकर अर्जी दाखिल की है और अपनी बात रखने के लिए समय की मांग की। उन्होंने प्रशासन से दुकान खाली करने के लिए 15 दिनों की मोहलत देने का अनुरोध किया।स्थिति को देखते हुए मजिस्ट्रेट सुदीप्त राज ने तत्काल कार्रवाई पर रोक लगाते हुए दुकानदार को सशर्त समय देने का फैसला किया।

उन्हें निर्देश दिया गया कि वे दो घंटे के भीतर अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) कार्यालय में शपथ पत्र दाखिल करें, जिसमें यह स्पष्ट हो कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर स्वयं दुकान खाली कर देंगे।प्रशासन ने साफ किया कि यदि तय समय में हलफनामा जमा नहीं किया गया या शर्तों का पालन नहीं हुआ, तो सख्ती से कार्रवाई की जाएगी।रेलवे अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई अदालत के आदेश के तहत की जा रही है और रेलवे की जमीन पर किए गए अतिक्रमण को हटाना अनिवार्य है।

गुदरी बाजार में हैं कई अवैध दुकानें

गुदरी बाजार में रेलवे भूमि पर कई अवैध दुकानें संचालित हो रही हैं, जिन्हें चरणबद्ध तरीके से हटाया जाएगा ताकि विकास कार्यों को गति मिल सके और रेलवे संपत्ति सुरक्षित रह सके।इस कार्रवाई को लेकर स्थानीय स्तर पर हलचल देखी गई। कुछ दुकानदारों ने मानवीय आधार पर समय देने की मांग की, जबकि कई लोगों ने रेलवे की इस मुहिम का समर्थन भी किया। प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि सभी प्रभावित लोगों को नियमानुसार नोटिस दिया गया है और किसी के साथ अन्याय नहीं होगा।

28 अप्रैल को बर्मामाइंस में हटेगा अतिक्रमण

इधर, रेलवे प्रशासन ने आगे की कार्रवाई का खाका भी तैयार कर लिया है। जानकारी के अनुसार, 28 अप्रैल को बर्मामाइंस क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया जाएगा, जिसके लिए संबंधित लोगों को पहले ही नोटिस जारी किया जा चुका है।कुल मिलाकर, गुदरी बाजार में कार्रवाई भले ही फिलहाल टल गई हो, लेकिन प्रशासन और रेलवे ने स्पष्ट संकेत दे दिए हैं कि अतिक्रमण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा

Related Articles

Leave a Comment