
Jamshedpur : लुआबासा पुलिया की जर्जर स्थिति को लेकर समाजसेवी बंटी सिंह ने चिंता जताते हुए जनसहयोग से इसके तत्काल मरम्मतीकरण का निर्णय लिया है। इस संबंध में उन्होंने बुधवार 23 सितंबर को पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त कार्यालय में मरम्मतीकरण की अनुमति सह सूचना पत्र सौंपा। उन्होंने बताया कि 30 सितंबर 2026 से पुलिया पर RCC (प्रबलित सीमेंट कंक्रीट) कार्य शुरू कराने का निर्णय लिया गया है।
बंटी सिंह ने कहा कि स्थानीय ग्रामीणों के आग्रह पर उन्होंने लुआबासा पुलिया का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान पुलिया की स्थिति काफी जर्जर पाई गई। इस पुलिया से प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीणों और आम लोगों का आवागमन होता है। ऐसे में इसकी खराब स्थिति दुर्घटना का कारण बन सकती है।
उन्होंने कहा कि दुर्गापूजा का पर्व नजदीक है। पूजा के दौरान क्षेत्र में लोगों की आवाजाही बढ़ने की संभावना रहती है। ऐसे में समय रहते पुलिया की मरम्मत नहीं हुई तो लोगों की परेशानी व दुर्घटना का जोखिम बढ़ सकता है।
बंटी सिंह के अनुसार, स्थानीय जनप्रतिनिधियों से भी कई बार जनहित में पहल करने का आग्रह किया गया, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं हो सकी। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक प्रक्रिया और स्थायी मरम्मत में समय लग सकता है। ग्रामीणों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उन्होंने अपने स्तर पर जनसहयोग से पुलिया पर RCC कार्य कराने का निर्णय लिया है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि इस पहल का उद्देश्य किसी विभाग या जिला प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाना नहीं है, बल्कि संभावित दुर्घटना को रोकने और ग्रामीणों की सुरक्षा में सहयोग करना है। साथ ही उन्होंने जिला प्रशासन से संबंधित विभाग के अधिकारियों के माध्यम से पुलिया का स्थल निरीक्षण कराकर स्थायी व तकनीकी रूप से उचित मरम्मतीकरण कराने की मांग की।
इस मौके पर आजसू प्रवक्ता अप्पू तिवारी ने कहा कि जनहित से जुड़े मुद्दों पर सामाजिक स्तर पर पहल करना जनसेवा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने कहा कि बंटी सिंह द्वारा जनहित के कार्यों में सक्रियता से भाग लेना सामाजिक दायित्व के निर्वहन का उदाहरण है और आजसू पार्टी जनहित में जनसेवा करने वालों के प्रयासों का सहयोग करेगी।
ज्ञापन सौंपने के दौरान बंटी सिंह के साथ आजसू नेता अप्पू तिवारी, अविनाश झा, आदित्य चौहान, राकेश सिंह, परवीन सिंह, साकेत गर्ग, सतीश राय, विवेक शर्मा, रोहित चौधरी, आशु समेत अन्य लोग मौजूद थे।

