
Jamshedpur : साकची स्थित शीतला मंदिर में 26 जून से लक्ष्मी नारायण महायज्ञ का भव्य आयोजन होने जा रहा है, जो 6 जुलाई तक चलेगा। महायज्ञ से पूर्व 15 मई गुरुवार को झंडा पूजन विधिवत रूप से संपन्न हुआ। आयोजन को लेकर मंदिर परिसर में तैयारियां पूरे जोर-शोर से चल रही हैं।
आयोजन समिति ने जानकारी दी कि इस महायज्ञ में अयोध्या और वृंदावन से आए विद्वान धर्माचार्य भाग लेंगे। यज्ञ की शुरुआत बक्सर के एक प्रतिष्ठित महाराज द्वारा की जाएगी। इस दौरान धार्मिक अनुष्ठानों, आध्यात्मिक प्रवचनों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला चलेगी।
26 जून को कलश यात्रा निकलेगी

शीतला मंदिर के पुजारी पंडित अशोक गिरी ने बताया कि 26 जून को सुबह 8:00 बजे कलश यात्रा निकाली जाएगी। इसके बाद दोपहर 3:00 बजे से पूजन, मंडप प्रवेश और वेदी निर्माण किया जाएगा। 27 जून को देवता और वेदी आवाहन का पूजन सुबह 8:00 से 11:00 बजे तक चलेगा। दोपहर 1:00 से 2:00 बजे तक अरणी मंथन द्वारा अग्नि स्थापना और फिर 2:00 से 4:00 बजे तक विष्णु सहस्त्रनाम पाठ और हवन होगा। शाम 4:00 से 5:00 बजे तक महायज्ञ और महाआरती का आयोजन होगा। इसके बाद शाम 6:30 बजे तक श्रीमद्भागवत कथा होगी, जिसे श्री जिगर स्वामी के शिष्य बैकुंठ नाथ स्वामी द्वारा प्रस्तुत किया जाएगा। रात 7:00 से 8:00 बजे तक सुंदरकांड का पाठ होगा। 28 जून से 3 जुलाई तक प्रतिदिन इसी तरह के धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे जिनमें हवन, प्रवचन, कथा और भजन संध्या शामिल रहेंगे।
4 जुलाई को होगी पूर्णाहुति
4 जुलाई को महायज्ञ की पूर्णाहुति दोपहर 12:00 से 2:00 बजे तक हरि कीर्तन के साथ संपन्न होगी। 5 जुलाई को भी हरि कीर्तन और दोपहर 1:00 से शाम 5:00 बजे तक भंडारे का आयोजन होगा। शाम 7:00 बजे से सांस्कृतिक संध्या और भजन कार्यक्रम प्रस्तुत किया जाएगा।
Read also Jamshedpur Connecting Flyover : जमशेदपुर में बनेगा कनेक्टिंग फ्लाईओवर, खाका हो रहा तैयार


