
Jamshedpur : पूर्वी सिंहभूम जिले में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 की प्रक्रिया को लेकर 4 और 18 नवंबर को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष बैठक आयोजित की जाएगी। इन बैठकों में मतदाता सूची से संबंधित जानकारी सार्वजनिक रूप से पढ़कर सुनाई जाएगी। साथ ही राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट (बीएलए-2) और आम नागरिकों से सुझाव एवं आपत्तियां भी मांगी जाएंगी।
अधिकारियों के अनुसार, 4 नवंबर को सुबह 11 बजे से सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ-बीएलए-2 की पांचवीं बैठक और चुनाव पाठशाला का आयोजन होगा। इसमें प्रपत्र-2 में दर्ज उन मतदाताओं की मतदान केंद्रवार सूची पढ़कर सुनाई जाएगी, जिनके संबंध में नोटिस और सत्यापन की प्रक्रिया अभी पूरी नहीं हुई है।
बैठक में मौजूद बीएलए-2, चुनाव पाठशाला के सदस्यों और आम नागरिकों से संबंधित मतदाताओं के बारे में जानकारी, सुझाव और आपत्तियां ली जाएंगी। इसका उद्देश्य किसी पात्र भारतीय नागरिक का नाम मतदाता सूची से छूटने से बचाना और अपात्र विदेशी नागरिक का नाम सूची में शामिल होने से रोकना है।
इसी तरह 18 नवंबर को सुबह 11 बजे से सभी मतदान केंद्रों पर छठी बैठक आयोजित होगी। इसमें प्रपत्र-3 में दर्ज उन व्यक्तियों की सूची का सार्वजनिक वाचन किया जाएगा, जिन्हें सुनवाई और सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अपात्र पाया गया है। इस सूची पर भी बीएलए-2 और आम नागरिक अपनी आपत्तियां एवं सुझाव दे सकेंगे।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस प्रक्रिया का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि किसी पात्र भारतीय नागरिक को गलती से अपात्र घोषित नहीं किया जाए और किसी अपात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में नहीं रहे।
जिले के सभी बीएलओ और पर्यवेक्षकों को निर्धारित तिथि पर आवश्यक प्रपत्रों के साथ बैठक आयोजित करने का निर्देश दिया गया है। वहीं, निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी और अन्य संबंधित अधिकारियों को बैठक की निगरानी और निरीक्षण की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

