Home » Hazaribag explosion : हजारीबाग में बम निरोधक दस्ता ने शुरू की विस्फोट की जांच, NIA की भी हो सकती है एंट्री

Hazaribag explosion : हजारीबाग में बम निरोधक दस्ता ने शुरू की विस्फोट की जांच, NIA की भी हो सकती है एंट्री

अत्यधिक ठंड को देखते हुए घटनास्थल के पास शामियाना लगाया गया और पुलिसकर्मियों के लिए अलाव की व्यवस्था की गई।

by Mujtaba Haider Rizvi
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Hazaribag : झारखंड के हजारीबाग जिले के बड़ा बाजार ओपी थाना क्षेत्र में हबीबी नगर में बुधवार शाम करीब 5 बजे हुए जोरदार विस्फोट से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। विस्फोट के करीब 17 घंटे बीत जाने के बाद भी तीनों शव घटनास्थल पर ही पड़े रहे, जिससे स्थिति और भी संवेदनशील बनी रही।घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। रात भर पुलिस बल और वरीय पदाधिकारी घटनास्थल पर मौजूद रहे। अत्यधिक ठंड को देखते हुए घटनास्थल के पास शामियाना लगाया गया और पुलिसकर्मियों के लिए अलाव की व्यवस्था की गई।

सुरक्षा और जांच के मद्देनजर पूरे इलाके में कड़ी निगरानी रखी गई।गुरुवार सुबह होते ही बम निरोधक दस्ता (जगुआर BT-02) घटनास्थल पर पहुंचा और जांच शुरू की। इसके साथ ही रांची से राज्य फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (SFSL) की टीम भी मौके पर पहुंच चुकी है, जो विस्फोट से जुड़े सभी तकनीकी और रासायनिक पहलुओं की जांच कर रही है।बताया जा रहा है कि विस्फोट उस समय हुआ जब मृतकों में शामिल सद्दाम और उनके परिवार के सदस्य घर के पीछे खाली पड़ी जमीन या बाड़ी में झाड़ियों की सफाई कर रहे थे।

सफाई के दौरान जमीन में दबी किसी विस्फोटक सामग्री में अचानक धमाका हो गया, जिससे यह भीषण हादसा हुआ।इस घटना में मृतकों की पहचान सद्दाम (पिता युनूस), नन्ही परवीन (पति सद्दाम) और रशीदा परवीन (पति मुश्ताक) के रूप में हुई है। तीनों हबीबी नगर के ही निवासी थे। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि एक महिला को गंभीर अवस्था में अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी। शुरुआत में इसे गैस सिलेंडर विस्फोट बताया गया, लेकिन जांच में यह बात गलत साबित हुई। सदर एसडीपीओ अमित आनंद ने बताया कि विस्फोटक पदार्थ की प्रकृति, उसकी संरचना और उपयोग को लेकर जांच की जा रही है। विस्फोट किस तरह के पदार्थ से हुआ, इसका खुलासा फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा।पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया है और किसी भी व्यक्ति को घटनास्थल के आसपास जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है।

कुछ रिपोर्टों में एनआईए की संभावित एंट्री की चर्चा भी सामने आ रही है, हालांकि अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।स्थानीय लोगों के बीच घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं। कई लोग इसे पुराने समय के जमीन में दबे विस्फोटक से जोड़कर देख रहे हैं। उल्लेखनीय है कि हबीबी नगर वही इलाका है, जहां 17 अप्रैल 2016 को राम नवमी के दौरान बम विस्फोट हुआ था।

उस घटना में छह लोगों की मौत हुई थी और मामले की जांच एनआईए ने की थी। वर्तमान विस्फोट ने एक बार फिर सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है।फिलहाल पुलिस हर पहलू से जांच में जुटी है और आम लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की गई है। जांच पूरी होने के बाद ही विस्फोट के वास्तविक कारणों और आगे की कार्रवाई को लेकर स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।

Related Articles