Ranchi (Jharkhand) : झारखंड की कृषि मंत्री और युवा नेता शिल्पी नेहा तिर्की को कांग्रेस पार्टी ने बिहार विधानसभा चुनाव में एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। उन्हें ऑल इंडिया आदिवासी कांग्रेस (AITC) की ओर से चुनाव के लिए ऑब्जर्वर (पर्यवेक्षक) नियुक्त किया गया है। ऑल इंडिया आदिवासी कांग्रेस के अध्यक्ष डॉ. विक्रांत भूरिया ने एक पत्र जारी कर इसकी औपचारिक जानकारी दी है।
चुनावी समर में पूरी ताकत झोंकने का लिया संकल्प
बिहार चुनाव में ऑब्जर्वर बनाए जाने के बाद कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने रविवार को एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर पार्टी आलाकमान के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और ऑल इंडिया आदिवासी कांग्रेस के अध्यक्ष डॉ. विक्रांत भूरिया का विशेष रूप से धन्यवाद किया।
मंत्री तिर्की ने कहा है कि यह उनके लिए सौभाग्य की बात है कि कांग्रेस पार्टी ने उन पर इतना बड़ा विश्वास जताया है और उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। उन्होंने संकल्प लेते हुए कहा, “बिहार विधानसभा चुनाव में आदिवासी समाज का एक-एक वोट महागठबंधन के पक्ष में जाए, इसके लिए मैं चुनावी समर में अपनी पूरी ताकत झोंक दूंगी।” मंत्री ने जोर देकर कहा कि वह कांग्रेस आलाकमान ने जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगी और पार्टी को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाएंगी।

