रांची: झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर निर्वाचन आयोग ने तैयारी तेज कर दी है। राज्य के अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुबोध कुमार ने बताया कि बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) द्वारा घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन 30 जून 2026 से 29 जुलाई 2026 तक किया जाएगा। इस दौरान बीएलओ मतदाताओं को इन्यूमरेशन फॉर्म उपलब्ध कराएंगे और सत्यापन के बाद उन्हें संग्रहित करेंगे।
उन्होंने कहा कि राज्य में विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया पहले से जारी है।
अब तक करीब 73 प्रतिशत मतदाताओं की मैपिंग बीएलओ द्वारा पूर्व की मतदाता सूची के आधार पर पूरी कर ली गई है। जिन मतदाताओं की मैपिंग अब तक नहीं हो पाई है, उनकी सूची 23 मई 2026 से सभी मतदान केंद्रों पर चस्पा की जाएगी। इसके साथ संबंधित बीएलओ का नाम और मोबाइल नंबर भी उपलब्ध रहेगा, ताकि मतदाता सीधे संपर्क कर अपनी मैपिंग करा सकें।
निर्वाचन विभाग के अनुसार बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर स्टीकर लगाने का कार्य भी किया गया है, जिसमें संबंधित बीएलओ की जानकारी दर्ज है। इसके अलावा मतदाता ECINET ऐप के “बुक ए कॉल” फीचर के माध्यम से भी अपने बीएलओ से संपर्क कर सकते हैं। निर्वाचन विभाग का मानना है कि इस अभियान से मतदाता सूची को अधिक सटीक और अद्यतन बनाने में मदद मिलेगी तथा छूटे हुए मतदाताओं को भी सूची में शामिल किया जा सकेगा।
Read Also- JTET Rule Controversy : जेटेट नियमावली विवाद पर कमेटी ने अधिकारियों से मांगी विस्तृत रिपोर्ट

