
LATEHAR: लातेहार जिले के बालूमाथ थाना क्षेत्र अंतर्गत कलकलिया गांव में शिकार के दौरान एक युवक की गोली लगने से मौत हो गई। मृतक की पहचान रामेश्वर उरांव के रूप में हुई है। हालांकि, यह अब तक स्पष्ट नहीं हो पाया है कि उन्हें गोली कैसे लगी। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार रविवार रात रामेश्वर उरांव गांव के कुछ लोगों के साथ जंगल में जानवरों का शिकार करने गए थे। इसी दौरान देर रात गांव के मुखिया संतु उरांव को फोन कर सूचना दी गई कि रामेश्वर को गोली लग गई है। मुखिया ने तुरंत इसकी जानकारी परिजनों को दी, जिसके बाद ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे। वहां रामेश्वर उरांव मृत अवस्था में मिले।
घटना की सूचना मिलने पर बालूमाथ थाना प्रभारी अमित कुमार रविदास पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए लातेहार सदर अस्पताल भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जल्द ही सच्चाई सामने लाई जाएगी। वहीं मृतक के चाचा नागदेव उरांव ने बताया कि रामेश्वर गांव के दो अन्य युवकों के साथ शिकार पर गया था। गोली लगने के बाद दोनों युवकों ने मुखिया को सूचना दी, लेकिन जब ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो वे दोनों वहां से फरार थे। इससे घटना को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
READ ALSO: Ranchi News : 30 जून से घर-घर जाकर मतदाता का सत्यापन करेंगे BLO, 29 जुलाई तक चलेगा अभियान

