
Khunti : 16वीं झारखंड राज्य शूटिंग चैंपियनशिप में खूंटी राइफल शूटिंग क्लब के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले के खेल इतिहास में नया कीर्तिमान स्थापित किया है। आसनसोल शूटिंग क्लब (चांदमारी) में आयोजित तीन दिवसीय प्रतियोगिता में खूंटी के निशानेबाजों ने कुल 24 पदक जीतकर पूरे राज्य में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
प्रतियोगिता में खूंटी जिले के 28 खिलाड़ियों ने विभिन्न आयु वर्गों और स्पर्धाओं में हिस्सा लिया। इनमें से अधिकांश खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पदक अपने नाम किए। जिले को कुल 4 स्वर्ण, 6 रजत और 14 कांस्य पदक मिले। इस उपलब्धि से जिले के खेल प्रेमियों और युवा खिलाड़ियों में उत्साह का माहौल है।
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में सफलता हासिल करने के बाद सोमवार को विजेता खिलाड़ियों ने खूंटी राइफल शूटिंग क्लब के मुख्य कोच एवं सचिव अनुज कुमार के नेतृत्व में उपायुक्त मोहम्मद जावेद हुसैन से मुलाकात की। उपायुक्त ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी मेहनत और सफलता जिले के अन्य युवाओं के लिए प्रेरणा है। उन्होंने खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं भी दीं।
इस दौरान क्लब के सचिव अनुज कुमार ने उपायुक्त को क्लब की गतिविधियों और खिलाड़ियों की उपलब्धियों की जानकारी दी। उपायुक्त ने आश्वस्त किया कि जिले में निशानेबाजी खेल के विकास के लिए प्रशासन हरसंभव सहयोग करेगा और खिलाड़ियों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के प्रयास किए जाएंगे।
अनुज कुमार ने बताया कि राज्य चैंपियनशिप में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन आगामी ईस्ट जोन शूटिंग चैंपियनशिप के लिए किया जाएगा। इस प्रतियोगिता में चयनित खिलाड़ी पश्चिम बंगाल में आयोजित होने वाली प्रतियोगिता में झारखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे।
खूंटी राइफल शूटिंग क्लब की अध्यक्ष एवं एसडीओ दीपेश कुमारी, सचिव अनुज कुमार, अमितेश भगत, चंदन कुमार, विपुल जायसवाल, रूपेश कुमार सहित क्लब के सभी पदाधिकारियों और सदस्यों ने खिलाड़ियों की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
Read Also: Jharkhand News : झारखंड में तीन पंचायत राज पदाधिकारी बदले गए, विभाग ने जारी किया आदेश

