पटना/PMCH विधायक बोली- गुंडे हैं पटना के सरकारी अस्पतालों के डॉक्टर: पटना के जिस अस्पताल को नीतीश कुमार और तेजस्वी यादव विश्व स्तर का अस्पताल बनाने का दावा कर रहे हैं, उसकी पोल महागठबंधन की ही एक महिला विधायक ने खोलकर रख दी। यह हैं कांग्रेस की महिला विधायक प्रतिमा कुमारी, जिन्होंने पीएमसीएच के डॉक्टरों पर बदसलूकी करने का आरोप लगाया है।
विधायक बोली- गुंडे हैं पटना के सरकारी अस्पतालों के डॉक्टर
यहां तक के यह भी कह डाला कि पटना के सरकारी अस्पतालों के डॉक्टर गुंडे हैं। कांग्रेस की महिला विधायक प्रतिमा कुमारी ने इसकी शिकायत बिहार के डिप्टी सीएम और स्वास्थ्य मंत्री तेजस्वी यादव से की है।

अपने क्षेत्र के मरीज को देखने गईं थी पीएमसीएच
विधायक प्रतिमा कुमारी का कहना है कि वह अपने क्षेत्र के एक मरीज को देखने के लिए वे पीएमसीएच के आर्थोपेडिक वार्ड में गयी थीं। उस समय उनके साथ दो सरकारी बॉडीगार्ड भी थे। इसी बीच एक आदमी वहां पहुंचा जो सिविल ड्रेस में था। बॉडीगार्ड ने उस व्यक्ति को वहां से हटने के लिए कहा। वह आदमी न एप्रोन पहने था और ना ही उसके पास स्टेथस्कोप ही था। बॉडीगार्ड के टोकने पर वह व्यक्ति भड़क गया। उसने खुद को डॉक्टर बताते हुए अस्पताल में तैनात गार्ड और दूसरे डॉक्टरों को वहां बुला लिया। विधायक ने कहा कि उसके बाद उनसे भी बदसलूकी की गयी। अगर वह वहां से बाहर नहीं निकल जाती तो उनके साथ मारपीट हो सकती थी।
सीधी जुबान बात तक नहीं करते डॉक्टर और नर्स
विधायक प्रतिमा कुमारी ने कहा कि ऐसा नहीं है कि इस तरह की हालत सिर्फ पीएमसीएच की है। एनएमसीएच का भी यही हाल है। डॉक्टर से लेकर नर्स जनप्रतिनिधि से भी सीधी जुबान में बात नहीं करते। वे बदतमीजी करते हैं।विधायक ने कहा कि पटना के सरकारी अस्पतालों में डॉक्टर नहीं बल्कि गुंडे काम कर रहे हैं। कांग्रेस की इस विधायक ने तेजस्वी यादव को पत्र देकर ऐसे लोगों पर कार्रवाई की मांग की है। विधायक ने कहा है कि डिप्टी सीएम ने कार्रवाई का भरोसा दिया है।

